रांची की समकालीन कलाकार पूजा जायसवाल अंतरराष्ट्रीय कला मंच पर अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगी. वह 19 से 22 नवंबर 2026 तक दुबई में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित वर्ल्ड आर्ट दुबई 2026 में भाग ले रही हैं. दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के जाबील हॉल 2 और 3 में आयोजित इस कला मेले में दुनिया के विभिन्न देशों के कलाकार, कला संग्रहकर्ता, क्यूरेटर और कला विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं.
वर्ल्ड आर्ट दुबई अपने 12वें संस्करण में प्रवेश कर चुका है. इसे मध्य पूर्व एवं उत्तरी अफ्रीका (MENA) क्षेत्र का सबसे बड़ा समकालीन कला मेला बताया जाता है. आयोजकों से मिली जानकारी के अनुसार, इस वर्ष 65 से अधिक देशों के 300 से ज्यादा प्रदर्शक इसमें हिस्सा ले रहे हैं. इनमें 200 से अधिक एकल कलाकार और 65 से ज्यादा आर्ट गैलरी शामिल हैं. मेले में 10 हजार से अधिक कलाकृतियों का प्रदर्शन किया जा रहा है.
फूलों और प्रकृति से प्रेरित है पूजा की कला
पूजा जायसवाल की कलाकृतियों की खास पहचान फूलों की उभरी हुई त्रिआयामी संरचनाएं (Sculptural Floral Reliefs), प्रकृति से प्रेरित आकृतियां और आकर्षक बनावट वाली चित्रकलाएं हैं. उनकी कला में फूलों, पत्तियों और प्राकृतिक रंगों का विशेष प्रयोग देखने को मिलता है.
पूजा की कलात्मक यात्रा करीब सात साल पहले शुरू हुई थी. इस दौरान उन्होंने अपनी एक अलग कलात्मक शैली विकसित की है. बगीचों और प्रकृति से प्रेरणा लेकर वह फूलों और पत्तियों जैसे सामान्य प्राकृतिक तत्वों को कल्पनाशील और आकर्षक कलाकृतियों में बदलती हैं.
कला के जरिए प्रकृति की सुंदरता और सुकून का संदेश
पूजा के लिए कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि सुकून और शांति का एक संसार है. उनकी कलाकृतियों में प्रकृति की सुंदरता, रंगों और बारीकियों को विशेष महत्व दिया जाता है. वह अपनी कला के माध्यम से दर्शकों को रोजमर्रा की भागदौड़ से कुछ पल दूर रहकर प्रकृति की खूबसूरती को महसूस करने का अवसर देना चाहती हैं.
वर्ल्ड आर्ट दुबई 2026 में उनकी भागीदारी उनके सात वर्षों के कलात्मक सफर का महत्वपूर्ण पड़ाव है. इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर उन्हें अपनी कलाकृतियां दुनिया भर के कला प्रेमियों, संग्रहकर्ताओं, क्यूरेटर और गैलरी संचालकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा. इससे उनकी कला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी.
22 नवंबर तक चलेगा आयोजन
वर्ल्ड आर्ट दुबई 2026 का आयोजन 19 से 22 नवंबर तक दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के जाबील हॉल 2 और 3 में किया जा रहा है. आयोजन का समय प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे तक निर्धारित है. इस मंच पर विभिन्न देशों के कलाकार अपनी रचनात्मकता और कलात्मक दृष्टिकोण प्रस्तुत कर रहे हैं.
Also Read : झारखंड : ‘सबका नंबर आयेगा’ E-Challan APK और फर्जी कैशबैक के जरिए ठगी कर रहे 4 साइबर अपराधी गिरफ्तार
No comments yet. Be the first to comment!