रांची : रातू रोड स्थित इंद्रपुरी रोड – 1 में बीते 18 नवंबर की देर रात फायरिंग और छोटू महतो उर्फ मिथिलेश की हत्या मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सुखदेवनगर पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी अभिषेक उर्फ लालू समेत छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों में अरगोड़ा निवासी नितिन गुप्ता, अरगोड़ा निवासी राहुल कुमार, विद्यानगर निवासी रोहित सिंह, हरमू निवासी आयुष कुमार सिंह, धुर्वा निवासी अभिषेक उर्फ लल्लू और धुर्वा निवासी अभिषेक कुमार शामिल है. इनलोगों के पास से पुलिस ने फार्च्यूनर गाड़ी समेत दो फोर व्हीलर गाड़ी और एक स्कूटी बरामद किया है. पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने अपनी संलिप्तता को स्वीकार किया है. वहीं, अन्य लोगों ने पुलिस को बताया कि अभिषेक के बुलावे पर सभी लोग मौके पर पहुंचे थे.
पैसों को लेकर अभिषेक उर्फ लल्लू का हुआ था विवाद विकास से
धुर्वा निवासी अभिषेक उर्फ लल्लू और इंद्रपुरी के रहने वाले विकास महतो का आपस में पैसे को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद में अभिषेक बुधवार की देर रात अपने कुछ साथियों के साथ देर रात विकास महतो के घर पहुंचा था. घर का मुख्य दरवाजा बंद होने के कारण वे अंदर नहीं जा सके. इसके बाद अभिषेक और उसके साथियो ने बाहर से ही फायरिंग शुरू कर दी. फायरिंग के दौरान एक गोली छोटू महतो को लग गई. गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

