
- Oplus_131072
रांची: खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026-27 में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के चयन की तैयारी शुरू हो गई है. इसके लिए झारखंड स्पोर्ट्स अथॉरिटी की ओर से 13 नवंबर 2026 को रांची के मोरहाबादी में चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा. इस ट्रायल के जरिए फुटबॉल और हॉकी के प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा. चयनित खिलाड़ियों को खेलो इंडिया यूथ गेम्स में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल सकता है.
ट्रायल में फुटबॉल के लिए केवल बालिका खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा, जबकि हॉकी में बालक और बालिका दोनों वर्गों के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे. सभी खिलाड़ियों को सुबह 7 बजे ट्रायल स्थल पर रिपोर्ट करना होगा.
मोरहाबादी के दो स्टेडियम में होगा ट्रायल
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बालिका फुटबॉल का चयन ट्रायल बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी में आयोजित होगा. वहीं, बालक और बालिका हॉकी खिलाड़ियों का ट्रायल मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में लिया जाएगा.
इस चयन प्रक्रिया का आयोजन पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल एवं युवा कार्य विभाग के अंतर्गत झारखंड स्पोर्ट्स अथॉरिटी की ओर से किया जा रहा है.
कौन खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा?
ट्रायल में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों की उम्र संबंधी पात्रता भी निर्धारित की गई है. वैसे खिलाड़ी जिनका जन्म 1 जनवरी 2009 को या उसके बाद हुआ है, वे इसमें हिस्सा ले सकते हैं. इसके अलावा खिलाड़ी का झारखंड का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है. इसके लिए वैध निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा.
खिलाड़ियों को लाने होंगे ये जरूरी दस्तावेज
चयन ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को अपने साथ कुछ जरूरी दस्तावेज लाने होंगे. इनमें झारखंड का डोमिसाइल प्रमाण पत्र, आधार कार्ड या पासपोर्ट की फोटोकॉपी, कक्षा 10वीं का मूल प्रमाण पत्र या मार्कशीट, सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी जन्म प्रमाण पत्र और हाल की दो पासपोर्ट साइज रंगीन तस्वीरें शामिल हैं.
इसके अलावा खिलाड़ियों को निर्धारित रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरकर जमा करना होगा. फॉर्म अंग्रेजी के बड़े अक्षरों (CAPITAL LETTERS) में भरना अनिवार्य है. खास बात यह है कि ट्रायल स्थल पर ही ऑन-साइट रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी.
खिलाड़ियों को नहीं मिलेगा यात्रा भत्ता
ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए एक जरूरी सूचना यह भी है कि आयोजकों की ओर से किसी तरह का यात्रा भत्ता (TA) या दैनिक भत्ता (DA) नहीं दिया जाएगा. खिलाड़ियों को अपने आने-जाने और अन्य खर्चों की व्यवस्था खुद करनी होगी.
ट्रायल से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी या परेशानी के लिए खिलाड़ी 8986761278 और 9431187703 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा sajha9\@gmail.com पर ईमेल भी किया जा सकता है.
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026-27 का आयोजन तेलंगाना में प्रस्तावित है. ऐसे में झारखंड के युवा खिलाड़ियों के लिए यह चयन ट्रायल राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा.

