दिवाली पर आतिशबाजी का असर देश की राजधानी दिल्ली की हवा पर साफ दिखाई दिया. पटाखों से निकले धुएं के कारण राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गंभीर श्रेणी में पहुंच गया. वहीं झारखंड में भी दिवाली की रात के बाद कई शहरों की हवा प्रदूषित दर्ज की गई. राज्य में हजारीबाग का AQI 336 और धनबाद का 325 तक पहुंचा, जबकि रांची और जमशेदपुर में भी वायु गुणवत्ता प्रभावित रही.
दिल्ली में 9 नवंबर की सुबह केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार औसत AQI 366 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है. हालांकि, कई इलाकों में स्थिति इससे भी खराब रही. सोनिया विहार में AQI 449, बुराड़ी क्रॉसिंग में 445, विवेक विहार में 441 और जहांगीरपुरी में 439 दर्ज किया गया. चांदनी चौक और मुंडका में भी AQI 400 के पार रहा.
पटाखे जलने के बाद PM2.5 में तेज बढ़ोतरी
दिवाली की रात पटाखों से निकलने वाले धुएं ने दिल्ली की हवा में सूक्ष्म कणों की मात्रा बढ़ा दी. निगरानी केंद्रों के आंकड़ों में रात 7:45 बजे PM2.5 का औसत स्तर 190 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था, जो रात 8 बजे के आसपास बढ़कर 259 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर हो गया. यह निर्धारित 24 घंटे के राष्ट्रीय मानक 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से चार गुना से अधिक था.
पटाखों से निकलने वाले धुएं के अलावा वाहनों का उत्सर्जन, निर्माण कार्यों की धूल और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियां भी दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के प्रमुख कारण हैं.
झारखंड में हजारीबाग-धनबाद की हवा ‘बहुत खराब’, रांची में सुबह दिखा स्मॉग
दिवाली के बाद झारखंड के शहरों में भी वायु गुणवत्ता तेजी से प्रभावित हुई. आंकड़ों के अनुसार हजारीबाग का AQI 336 और धनबाद का AQI 325 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है.
वहीं रांची में औसत AQI 189 दर्ज किया गया, जबकि दिवाली की रात कई निगरानी केंद्रों पर यह स्तर 200 के पार पहुंच गया था. यहां PM2.5 का स्तर 110 और PM10 का स्तर 229 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जिसके चलते सुबह के समय शहर में धुंध और स्मॉग छाया रहा. जमशेदपुर में AQI 150 और चक्रधरपुर में 176 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है.
झारखंड में कोयला खनन, औद्योगिक गतिविधियां, वाहनों का उत्सर्जन और सड़कों की धूल पहले से ही वायु प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं. दिवाली पर आतिशबाजी से निकलने वाला धुआं इस प्रदूषण में अतिरिक्त इजाफा कर देता है.
Also Read : झारखंड : दिवाली पर अस्पताल अलर्ट मोड में, रिम्स में 20 और सदर में 10 बेड तैयार


