रांची। झारखंड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन कार्डधारी परिवारों को चना दाल उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने नई आपूर्ति प्रक्रिया शुरू की है. खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के निदेशालय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए चना दाल की खरीद और वितरण व्यवस्था को लेकर ऑनलाइन निविदा आमंत्रित की है.
इसके तहत अप्रैल 2026 से मार्च 2027 तक एक वर्ष की अवधि के लिए आपूर्तिकर्ताओं का चयन किया जायेगा. योजना के दायरे में राज्य के करीब 66.92 लाख राशन कार्डधारी परिवार हैं, जिन्हें हर महीने एक किलो चना दाल उपलब्ध कराने का प्रावधान है.
सरकारी व्यवस्था के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (जेएसएफएसएस) के लाभुकों को चना दाल दी जायेगी. इसमें प्राथमिकता प्राप्त परिवार (पीएचएच), अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) और हरा राशन कार्डधारी परिवार शामिल हैं. प्रत्येक पात्र परिवार को जन वितरण प्रणाली की दुकानों के माध्यम से हर महीने एक किलो चना दाल उपलब्ध कराने की योजना है. लाभुकों को यह दाल निर्धारित रियायती दर पर मिलेगी.
एनएफएसए के तहत 61.05 लाख परिवार शामिल
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत झारखंड में 61,05,156 परिवार राशन का लाभ उठा रहे हैं. इनमें 51,88,089 प्राथमिकता प्राप्त परिवार और 9,17,067 अंत्योदय अन्न योजना के परिवार शामिल हैं.
इसके अलावा, झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 5,87,567 परिवार पंजीकृत हैं. इस योजना में कुल 18,54,015 सदस्य शामिल हैं. दोनों योजनाओं के परिवारों को मिलाकर राज्य में करीब 66.92 लाख राशन कार्डधारी परिवार चना दाल वितरण के दायरे में आते हैं.
12.82 करोड़ रुपये की ईएमडी जमा करनी होगी
चना दाल की आपूर्ति के लिए निविदा में हिस्सा लेने वाली कंपनियों और एजेंसियों को 12,82,75,200 रुपये की अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (ईएमडी) जमा करनी होगी. यह राशि झारखंड ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार की जायेगी.
निविदा प्रक्रिया में पहले तकनीकी बोलियों की जांच होगी. इसके बाद योग्य आपूर्तिकर्ताओं के चयन के लिए ई-रिवर्स ऑक्शन कराया जायेगा. निविदा में आवेदन और जरूरी दस्तावेज जमा करने की अंतिम तारीख 23 नवंबर 2026 निर्धारित की गयी है. वहीं, 25 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे तकनीकी बोलियां खोली जायेंगी.
एक साल के लिए होगा दर अनुबंध
निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित आपूर्तिकर्ताओं के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए दर अनुबंध किया जायेगा. इसी अनुबंध के आधार पर राज्य में चना दाल की खरीद और विभिन्न जिलों तक आपूर्ति की व्यवस्था संचालित होगी. इसके बाद जन वितरण प्रणाली की दुकानों के माध्यम से पात्र परिवारों तक चना दाल पहुंचायी जायेगी.
Also Read: ISIS आतंकी मॉड्यूल केस: एनआईए को बड़ी कामयाबी, डॉ अदनान अली सरकार दोषी करार, 6 साल की सश्रम कैद


