झारखंड कृषि विभाग ने रांची जिले में फसल रक्षक के 21 पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 11,851 रुपये मानदेय मिलेगा. भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक निर्धारित की गई है. इच्छुक अभ्यर्थी 14 नवंबर 2026 की शाम पांच बजे तक आवेदन जमा कर सकते हैं.
रांची के सहायक पादप संरक्षण अधिकारी कार्यालय की ओर से विज्ञापन संख्या 01/2026-27 जारी किया गया है. इसके तहत नियुक्ति 11 महीने के लिए अस्थायी आधार पर होगी. नियमित नियुक्ति होने की स्थिति में निर्धारित अवधि से पहले भी सेवा समाप्त की जा सकती है. इस नियुक्ति के आधार पर अभ्यर्थियों को स्थायी सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिलेगा.
कुल 21 पदों में नौ अनारक्षित, सात अनुसूचित जनजाति, एक अनुसूचित जाति, दो अत्यंत पिछड़ा वर्ग और दो आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए निर्धारित हैं.
मैट्रिक के साथ पांच दिन का कृषि प्रशिक्षण जरूरी, साइकिल चलाना और पेड़ पर चढ़ना भी अनिवार्य
आवेदन के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से मैट्रिक पास होना अनिवार्य है. इसके अलावा कृषि से संबंधित मान्य संस्थान से कम से कम पांच दिन का प्रशिक्षण प्राप्त होना चाहिए. कृषि निदेशालय, बागवानी निदेशालय, कृषि संबंधी विभागों और संस्थानों तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के संस्थानों से प्राप्त प्रशिक्षण मान्य होगा.
इस भर्ती में केवल रांची जिले के स्थानीय निवासी आवेदन कर सकते हैं. उम्मीदवारों को स्थानीय भाषा का ज्ञान होने के साथ साइकिल चलाना और पेड़ पर चढ़ना भी आना चाहिए. न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष निर्धारित की गई है. अधिकतम आयु अनारक्षित और ईडब्ल्यूएस पुरुषों के लिए 35 वर्ष, ईबीसी-I पुरुषों के लिए 37 वर्ष, अनारक्षित और ईडब्ल्यूएस महिलाओं के लिए 38 वर्ष तथा एससी-एसटी पुरुष एवं महिलाओं के लिए 40 वर्ष है. आयु की गणना 1 अप्रैल 2026 के आधार पर की जाएगी. पूर्व सैनिकों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट मिलेगी.
नियुक्त फसल रक्षकों को कृषि क्षेत्रों की निगरानी, फसलों में कीट और रोगों की पहचान तथा संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना देने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. इसके अलावा किसानों को फसल संरक्षण के उपायों के प्रति जागरूक करना, जरूरत पड़ने पर कीटनाशकों का छिड़काव और किसानों को प्रशिक्षण देना भी उनके कार्यों में शामिल होगा.
राज्य के विभिन्न जिलों में सहायक पादप संरक्षण अधिकारियों के कई पद लंबे समय से रिक्त हैं. नियमित नियुक्ति होने तक कृषि संरक्षण गतिविधियों को जारी रखने के उद्देश्य से अस्थायी फसल रक्षकों की नियुक्ति की जा रही है. रांची के अलावा झारखंड के अन्य जिलों में भी इस तरह की भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है.
14 नवंबर शाम पांच बजे तक जमा करें आवेदन, 11 महीने की होगी नियुक्ति
इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड डाक या व्यक्तिगत रूप से संबंधित कार्यालय में जमा कर सकते हैं. आवेदन के साथ मैट्रिक प्रमाणपत्र, प्रशिक्षण प्रमाणपत्र, स्थानीय निवासी प्रमाणपत्र, पहचान पत्र और लागू होने पर जाति एवं ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न करनी होंगी.
आवेदन सहायक पादप संरक्षण अधिकारी का कार्यालय, संयुक्त जिला कृषि भवन, कृषि भवन परिसर, कांके रोड, रांची-834008 के पते पर जमा करना है. आवेदन की अंतिम तिथि 14 नवंबर 2026 शाम पांच बजे है. भर्ती का विस्तृत विज्ञापन और आवेदन पत्र रांची जिले की आधिकारिक वेबसाइट ranchi.nic.in और SAMETI की वेबसाइट sameti.org पर उपलब्ध हैं. नियुक्ति 11 महीने के लिए अस्थायी होगी और चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 11,851 रुपये मानदेय दिया जाएगा.
Also Read: झारखंड : राशन के साथ अब हर महीने मिलेगी चना दाल, 66.92 लाख परिवारों पर फोकस


