रांची। राजधानी रांची के तीन नगर निगम वार्डों में सार्वजनिक शौचालयों की सुविधा बढ़ाने की तैयारी है. रांची नगर निगम ने वार्ड 18, 45 और 46 में सात आधुनिक सामुदायिक शौचालयों के निर्माण के लिए निविदा जारी की है.
इस परियोजना पर करीब 1.97 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. प्रत्येक शौचालय में नौ सीटें होंगी. निर्माण पूरा होने के बाद इन तीनों वार्डों में कुल 63 शौचालय सीटें उपलब्ध होंगी.
सात स्थानों पर होगा निर्माण, वार्ड 45 और 46 में सबसे अधिक सुविधाएं
नगर निगम के अभियंत्रण अनुभाग की ओर से जारी निविदा के मुताबिक, वार्ड 18 में एक, जबकि वार्ड 45 और 46 में तीन-तीन सामुदायिक शौचालय बनाए जाएंगे.
वार्ड 18 में ट्रैकर स्टैंड के पास नागा बाबा खटाल में शौचालय का निर्माण प्रस्तावित है. वहीं, वार्ड 45 में हथखाना रविदास मोहल्ला, डोम टोली और मंदिर लेन में निर्माण होगा.
इसी तरह वार्ड 46 में चूना भट्टा के पास बड़ा पहाड़ी, स्वर्णरेखा घाट स्थित एकीसो महादेव मंदिर के निकट और मिठ्ठी जनरल स्टोर के पास कमलू टोली में सामुदायिक शौचालय बनाए जाने की योजना है. प्रत्येक स्थान पर नौ सीटों वाली सुविधा विकसित की जाएगी.
12 नवंबर से शुरू होगी निविदा प्रक्रिया, 90 दिनों में पूरा करना होगा काम
नगर निगम के अनुसार, प्रत्येक सामुदायिक शौचालय के निर्माण पर 28,11,509.24 रुपये खर्च होने का अनुमान है. सातों शौचालयों की कुल अनुमानित लागत 1,96,80,564.68 रुपये है. प्रत्येक कार्य के लिए 56,500 रुपये बयाना राशि और 11,800 रुपये निविदा दस्तावेज शुल्क निर्धारित किया गया है.
निविदा दस्तावेज 12 नवंबर 2026 से उपलब्ध होंगे. इसी दिन से ठेकेदार ऑनलाइन बोली जमा कर सकेंगे. बोली जमा करने की अंतिम तिथि 27 नवंबर को शाम पांच बजे तक निर्धारित है, जबकि तकनीकी बोलियां 28 नवंबर को खोली जाएंगी.
निविदा की शर्तों के मुताबिक, चयनित ठेकेदार को कार्य आवंटन के 90 दिनों के भीतर निर्माण पूरा करना होगा. इसके अलावा, निर्माण कार्य में रांची नगर निगम में पंजीकृत स्थानीय श्रमिकों को राज्य सरकार के MSY दिशानिर्देशों के अनुसार न्यूनतम मजदूरी पर रोजगार देना अनिवार्य होगा.
निविदा से संबंधित तकनीकी जानकारी के लिए नगर निगम ने 9430763688 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. निर्माण कार्य निविदा प्रक्रिया पूरी होने और ठेकेदार के चयन के बाद शुरू होगा.
Also Read : झारखंड : राशन के साथ अब हर महीने मिलेगी चना दाल, 66.92 लाख परिवारों पर फोकस


