जोहार लाइव ब्यूरो
रांची. झारखंड में मेडिकल शिक्षा के अवसर पिछले सात वर्षों में बढ़े हैं. राज्य में वित्तीय वर्ष 2019-20 में एमबीबीएस की 580 सीटें थीं, जो वित्तीय वर्ष 2026-27 में बढ़कर 1,650 हो गई हैं. राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के 2026-27 के सीट मैट्रिक्स में झारखंड के 11 मेडिकल संस्थानों में कुल 1,650 एमबीएस सीटें दर्ज हैं. इनमें सरकारी संस्थानों की 800 और निजी संस्थानों की 850 सीटें शामिल हैं.
सरकारी मेडिकल कॉलेजों में धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की एमबीबीएस सीटें 50 से बढ़कर 100 हो गई हैं. जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सीटों की संख्या 50 से बढ़कर 150 पहुंच गई है. रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भी सीटें 180 से बढ़कर 250 हो गई हैं.
वहीं, दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, पलामू के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 100-100 सीटें हैं.
निजी मेडिकल कॉलेजों का भी बढ़ा दायरा
राज्य में निजी मेडिकल कॉलेजों के आने से भी एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ी है. जमशेदपुर स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में सीटें 150 से बढ़कर 250 हो गई हैं. पलामू स्थित लक्ष्मी चंद्रवंशी मेडिकल कॉलेज में 100 से बढ़कर 150 सीटें हुई हैं. वहीं, सरायकेला स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सीटों की संख्या 100 से बढ़कर 200 हो गई है.
एनएससी के 2026-27 के सीट मैट्रिक्स में निजी क्षेत्र के दो अन्य संस्थान भी शामिल हैं. इनमें बिरसा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च की 100 और सिदो-कान्हू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की 150 एमबीबीएस सीटें दर्ज हैं.
चिकित्सा शिक्षा का विस्तार सरकार की प्राथमिकता
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, “झारखंड में चिकित्सा शिक्षा का विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. राज्य में एमबीबीएस सीटों की संख्या में हुई वृद्धि इस दिशा में महत्वपूर्ण है. हमारा प्रयास है कि झारखंड के विद्यार्थियों को राज्य में ही चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलें और भविष्य में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़े. चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के साथ अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं, आवश्यक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित करना भी जरूरी है.”
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा, “राज्य में मेडिकल कॉलेजों की एमबीबीएस सीटों में वृद्धि चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. हमारा प्रयास है कि बढ़ती सीटों के अनुरूप शिक्षण व्यवस्था, अस्पतालों का आधारभूत ढांचा, चिकित्सकीय संसाधन और प्रशिक्षण की गुणवत्ता भी मजबूत हो. चिकित्सा शिक्षा का उद्देश्य केवल डॉक्टरों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि योग्य और कुशल चिकित्सक तैयार करना भी है, ताकि राज्य के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें.”
No comments yet. Be the first to comment!