रांची. झारखंड हाईकोर्ट ने मंगलवार 6 अक्टूबर को कई न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना का आदेश जारी किया है.
आदेश के अनुसार रांची, डाल्टनगंज, जामताड़ा, गढ़वा, साहिबगंज और लातेहार में न्यायिक अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है.
रांची के अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश-द्वितीय, अतिरिक्त पारिवारिक न्यायालय के पद पर कार्यरत राजेश कुमार सिंह को डाल्टनगंज का जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश बनाया गया है. उनकी सेवाएं राज्य सरकार से वापस लेकर उन्हें मूल विभाग में वापस भेजते हुए नई पदस्थापना दी गई है.
वहीं डाल्टनगंज की जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश आयशा खान का तबादला रांची किया गया है. उन्हें झारखंड हाईकोर्ट विधिक सेवा समिति, रांची का सचिव बनाया गया है. वह इस पद पर सौमेंद्र नाथ सिकदर की जगह लेंगी.
हजारीबाग के प्रधान न्यायाधीश, पारिवारिक न्यायालय अनुज कुमार को जामताड़ा का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है. वह राधा कृष्ण की जगह लेंगे. वहीं जामताड़ा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राधा कृष्ण को डाल्टनगंज का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है.
इसके अलावा रामगढ़ के प्रधान न्यायाधीश, पारिवारिक न्यायालय राजीव आनंद को गढ़वा का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और धनबाद के प्रधान न्यायाधीश, पारिवारिक न्यायालय सुभाष को साहिबगंज का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है.
कानून विभाग से न्यायिक सेवा में लौटे कमल रंजन
रांची स्थित विधि (न्यायिक) विभाग में अवर सचिव-सह-उप विधि स्मरणकर्ता के पद पर कार्यरत कमल रंजन की सेवाएं राज्य सरकार से वापस ली गई हैं. उन्हें लातेहार में सिविल जज (वरीय कोटि) के पद पर पदस्थापित किया गया है. हाईकोर्ट ने उन्हें लातेहार में प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी की शक्तियां भी प्रदान की हैं.
No comments yet. Be the first to comment!