रांची: JPSC-JSSC नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और अभ्यर्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच शनिवार को सरकार और छात्रों के बीच वार्ता का सिलसिला आगे बढ़ा. JPSC-JSSC न्याय मंच का आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार सुबह सरकार के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के लिए रवाना हुआ. एसडीओ के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित धरना स्थल से वार्ता स्थल तक ले जाया गया. इसके तकरीबन दो घंटे के बाद बातचीत का दूसरा दौर समाप्त हुआ.
बातचीत में अभ्यर्थी न्याय मंच के इस प्रतिनिधिमंडल में रमावतार महतो, दीनबंधु मंडल, चंदन कुमार, रविशंकर, प्रेम कुमार, अमित कुमार और विमल कुमार शामिल हैं.
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो अभ्यर्थी न्याय मंच का नेतृत्व कर रहे हैं. वह पिछले छह दिनों से अपनी मांगों को लेकर अनशन पर हैं. आंदोलन के बीच सरकार और छात्रों के बीच बातचीत को गतिरोध तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
इससे पहले JPSC-JSSC Reform Manch के प्रतिनिधिमंडल ने भी सरकार के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता की थी. बातचीत के बाद छात्रों ने कहा था कि पहली राउंड की बातचीत हुई है और वार्ता आगे भी जारी रहेगी.
अब अभ्यर्थी न्याय मंच के प्रतिनिधिमंडल के साथ होने वाली बैठक में भी JPSC-JSSC परीक्षाओं से जुड़े विवाद, कथित अनियमितताओं, परीक्षाओं की प्रक्रिया और अभ्यर्थियों की अन्य मांगों पर चर्चा होने की संभावना है.
आंदोलन में शामिल छात्रों के अलग-अलग संगठनों के प्रतिनिधिमंडल से भी सरकार के प्रतिनिधि और मंत्री मुलाकात कर सकते हैं. ऐसे में शनिवार को सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच लगातार होने वाली बैठकों को आंदोलन के समाधान की दिशा में अहम माना जा रहा है.

Also Read: झारखंड: हजारीबाग में अपराधी-पुलिस के बीच मुठभेड़, पैर में लगी गोली व हथियार-बम बरामद



