Giridih : गावां थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ऐसी घटना हुई, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में होती रही। थाना प्रभारी का सरकारी वाहन बीच नदी में फंस गया, जिसके बाद उसे बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी। घटना का वीडियो और तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी किसी काम से चेरवा गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका सरकारी वाहन नदी के रास्ते उतार दिया गया। बताया जा रहा है कि मुख्य मार्ग पर नदी पार करने के लिए दो पुल मौजूद थे, लेकिन किसी कारणवश वाहन को पुल से ले जाने के बजाय सीधे नदी के रास्ते उतार दिया गया। नदी में उतरते ही वाहन बीच धारा में फंस गया और आगे बढ़ना मुश्किल हो गया। देखते ही देखते यह खबर आसपास के लोगों तक पहुंच गई और मौके पर कपड़ों की भीड़ जमा हो गई।


