Ramgarh : रामगढ़ एसपी मुकेश लूनायत मंगलवार को अचानक गोला और बरलंगा थाना पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने दोनों थानों का निरीक्षण किया और लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण को लेकर कई जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, पुलिस अधिकारियों और जवानों के काम के बंटवारे की जानकारी ली। उन्होंने थाना में रखे अभिलेखों और केस रिकॉर्ड की भी जांच की। इसके अलावा विभिन्न मामलों के आरोपियों का भौतिक सत्यापन, केस डायरी और लंबित मामलों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। एसपी ने साफ कहा कि पुराने मामलों को ज्यादा दिनों तक लंबित नहीं रखा जाए।
जेल से छूटे अपराधियों पर नजर रखने का निर्देश
एसपी मुकेश लूनायत ने पुलिस अधिकारियों को नियमित गश्ती बढ़ाने और जेल से छूटकर आने वाले अपराधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा। उन्होंने कहा कि इलाके में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई जरूरी है। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि आम लोगों की शिकायतों का जल्द समाधान किया जाए। थाना आने वाले लोगों के साथ बेहतर व्यवहार करने और कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने पर भी जोर दिया गया। रामगढ़ जिले में हाल के दिनों में अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में एसपी का यह औचक निरीक्षण पुलिसिंग को और मजबूत करने की कोशिश माना जा रहा है।
Also Read : CUJ में PG एडमिशन के लिए 20 मई से रजिस्ट्रेशन शुरू, एक फीस में 3 कोर्स चुनने का मौका


