Ranchi : राजधानी रांची में बढ़ती अड्डेबाजी, शराबखोरी और जुआ खेलने की शिकायतों के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर शहर और आसपास के इलाकों में विशेष अभियान चलाकर अवैध अड्डों पर कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से अड्डेबाजों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
CIP और IIMC मैदान में पुलिस की छापेमारी
कांके थाना क्षेत्र के CIP मैदान और IIMC मैदान में पुलिस ने अचानक छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि इन मैदानों में शाम होते ही शराबियों और जुआ खेलने वालों का जमावड़ा लग रहा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की और मैदान में बैठकर शराब पीने व जुआ खेलने वालों को कड़ी चेतावनी दी।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, जुआ और अड्डेबाजी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान के दौरान कई लोगों को वहां से हटाया गया और इलाके में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
नामकुम इलाके में भी चला सख्त अभियान
इधर नामकुम थाना क्षेत्र में भी अवैध अड्डेबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी कर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की। स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि कुछ इलाकों में शाम होते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा था, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी।
पुलिस ने अभियान के दौरान लोगों से भी सहयोग की अपील की और कहा कि कहीं भी अवैध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत सूचना दें।
लगातार जारी रहेगा अभियान
रांची एसएसपी राकेश रंजन का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। एसएसपी के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्ती और निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि अवैध अड्डेबाजी, शराबखोरी और जुआ खेलने वालों के खिलाफ आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : रामगढ़ में एसपी का औचक निरीक्षण, गोला और बरलंगा थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश


