पीएम मोदी और अमित शाह समेत कई दिग्गज रहेंगे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कई केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा करीब 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में पहुंच सकते हैं। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पहले ही कोलकाता पहुंच चुके हैं। बिहार से सम्राट चौधरी भी समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हो गए हैं।
“अब बंगाल में डबल इंजन सरकार”
कोलकाता पहुंचने के बाद एकनाथ शिंदे ने कहा कि बंगाल की जनता ने विकास के नाम पर वोट दिया है। उन्होंने कहा कि अब राज्य में “डबल इंजन” की सरकार चलेगी और कानून-व्यवस्था मजबूत होगी। वहीं, केशव प्रसाद मौर्य ने इसे “40 साल की काली रात के बाद नया सवेरा” बताया। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह जीत केवल राजनीतिक बदलाव नहीं बल्कि बंगाल में विकास की नई शुरुआत है।
ममता को हराने का मिला बड़ा इनाम
भाजपा के भीतर शुभेंदु अधिकारी की ताजपोशी को उनकी राजनीतिक लड़ाई का सबसे बड़ा इनाम माना जा रहा है। 2021 में नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराने के बाद इस बार उन्होंने भवानीपुर सीट पर भी बड़ी जीत दर्ज की। पार्टी नेतृत्व का साफ संदेश है कि बंगाल में जिसने जमीनी लड़ाई लड़ी और बड़े विरोधियों को चुनौती दी, नेतृत्व उसी को मिलेगा।
ब्रिगेड मैदान में दिखेगी बंगाल की संस्कृति
शपथ ग्रहण समारोह को सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक आयोजन का रूप भी दिया गया है। कार्यक्रम में पुरुलिया छऊ नर्तकों की विशेष प्रस्तुति होगी। लोक संगीत और पारंपरिक नृत्य के जरिए बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर दिखाने की तैयारी की गई है। इसके अलावा टॉलीवुड की कई हस्तियां, अभिनेत्री ममता शंकर, उद्योगपति संजय बुधिया और सज्जन भजंका समेत कई खास मेहमान भी समारोह में शामिल होंगे।
सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम
ब्रिगेड ग्राउंड की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे मैदान को 35 सेक्टरों में बांटा गया है और हर सेक्टर की जिम्मेदारी एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को दी गई है। कोलकाता पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बल भी तैनात हैं। ड्रोन के जरिए पूरे परिसर की निगरानी की जा रही है। मैदान के आसपास की ऊंची इमारतों पर भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने साफ किया है कि बिना जांच किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। बैग, पानी की बोतल और छाते जैसी चीजों पर भी रोक लगाई गई है।
पूर्वी मेदिनीपुर में जश्न, पिता हुए भावुक
शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने की खबर से उनके गृह जिले पूर्वी मेदिनीपुर में उत्सव जैसा माहौल है। जगह-जगह बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं ताकि लोग लाइव शपथ ग्रहण देख सकें। वहीं, शुभेंदु अधिकारी के पिता और वरिष्ठ नेता शिशिर अधिकारी बेटे की सफलता पर भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि यह पूरे परिवार और बंगाल के लिए गर्व का क्षण है और उन्हें उम्मीद है कि शुभेंदु राज्य के विकास के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।