Khunti : बैंक डकैती, चोरी और धोखाधड़ी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए खूंटी पुलिस ने पहली बार जिलेभर में विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सतर्क’ चलाया। एसपी ऋषभ गर्ग के निर्देश पर जिले के 55 बैंक शाखाओं का व्यापक सुरक्षा ऑडिट किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने बैंक सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन जांच की और जहां कमियां मिलीं, वहां बैंक प्रबंधन को तुरंत सुधार के निर्देश दिए गए। पुलिस के इस अभियान के तहत जिले के अलग-अलग इलाकों में स्थित बैंक शाखाओं का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, सुरक्षा गार्ड की तैनाती, अलार्म सिस्टम की कार्यक्षमता, बैंक के प्रवेश और निकास मार्ग, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी समेत कई महत्वपूर्ण पहलुओं को परखा गया।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी देखा कि बैंक परिसर में सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन हो रहा है या नहीं। कई शाखाओं में सुरक्षा व्यवस्था में खामियां सामने आईं। कहीं कैमरे ठीक से काम नहीं कर रहे थे तो कहीं सुरक्षा उपकरणों को अपडेट करने की जरूरत महसूस की गई। इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बैंक शाखा प्रबंधकों को जल्द से जल्द आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग का कहना है कि यह अभियान सिर्फ औपचारिक जांच तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगे भी समय-समय पर इस तरह के औचक निरीक्षण किए जाएंगे। पुलिस का मानना है कि मजबूत सुरक्षा व्यवस्था से बैंकिंग संस्थानों को सुरक्षित रखने के साथ-साथ आम ग्राहकों में भी भरोसा बढ़ेगा।
Also Read : गोड्डा में हैवान बना पति, दो मासूमों के सामने पत्नी को गड़ासे से काट डाला


