Ranchi : रांची के रातू थाना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली है। मृतक की पहचान साकेत कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के औरंगाबाद जिले का रहने वाला था। वह यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर साइंस से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के मुताबिक साकेत रातू थाना क्षेत्र के तिलता हनुमान नगर में किराए के मकान में रहता था। सोमवार को उसका शव कमरे से बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें युवक ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी परेशानियों का जिक्र किया है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने भी घटना की पुष्टि की है। झारखंड सेंट्रल यूनिवर्सिटी के जनसंपर्क पदाधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि साकेत एक मेधावी छात्र था और उसके इस कदम की किसी को उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि यदि पहले उसकी मानसिक स्थिति की जानकारी मिलती तो काउंसलिंग के जरिए उसकी मदद की जा सकती थी। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है और वे रांची पहुंच रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है, ताकि सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।
Also Read : ड्रोन तकनीक से सशक्त हुई धनबाद पुलिस, हाईटेक निगरानी की शुरुआत


