Ranchi : रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई बीती रात मिली गुप्त सूचना के आधार पर खादगढ़ा बस स्टैंड में की गई। गिरफ्तार युवक गिरिडीह का रहने वाला है और वह ओडिशा के संबलपुर से गांजा लेकर रांची पहुंचा था। पुलिस के अनुसार, बीते 27 अप्रैल को रात करीब 10:45 बजे सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन से एक व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर बस स्टैंड की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही लोअर बाजार थाना पुलिस ने तत्काल टीम बनाकर खादगढ़ा बस स्टैंड में छापेमारी शुरू की।
दो बैग में छिपाकर रखा था गांजा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बस स्टैंड में एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। गिरफ्तार युवक का नाम रोहित यादव बताया गया। करीब 19 साल का रोहित यादव गिरिडीह के हीरोडीह थाना क्षेत्र के कादमबरी गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम रामदेव यादव है। उसके पास एक नीले रंग और एक काले रंग का बैग मिला। जांच के दौरान दोनों बैगों में ब्राउन रंग के सेलोटेप से लिपटे कुल चार पैकेट बरामद हुए। जब इन पैकेटों की जांच की गई तो उसमें गांजा मिला। वजन करने पर कुल करीब 4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह गांजा ओडिशा के संबलपुर से लेकर रांची आया था। इसके बाद वह बस के जरिए इसे गिरिडीह ले जाकर बेचने की तैयारी में था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में लोअर बाजार थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 4 किलो गांजा के अलावा रेडमी कंपनी का एक स्क्रीन टच मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, खादगढ़ा टीओपी प्रभारी अभिषेक कुमार, संतोष कुमार रजक, नवीन कुमार और गौतम कुमार शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Also Read : झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की तबीयत बिगड़ी, हाल जानने पहुंचे सीएम हेमंत


