Ranchi : राजधानी रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ना एक युवक को भारी पड़ गया। ट्रैफिक पुलिस द्वारा सीट बेल्ट चेकिंग के दौरान एक कार चालक को बिना सीट बेल्ट पहने वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने कार को रोककर जांच शुरू की तो चालक और उसके साथ मौजूद युवक का व्यवहार अचानक आक्रामक हो गया। जानकारी के अनुसार, कार चालक ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए ट्रैफिक पुलिस को धमकी देनी शुरू कर दी। युवक ने मौके पर ही किसी व्यक्ति को फोन किया और पुलिसकर्मियों से कहा कि “राज्यपाल साहेब हैं”, यानी वह खुद को प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़ा बताकर पुलिस पर दबाव बनाने लगा।
व्हाट्सएप में राज्यपाल की फोटो देखकर पुलिस को हुआ शक
जब पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि जिस व्यक्ति को कॉल किया गया था, उसके व्हाट्सएप में झारखंड के वर्तमान राज्यपाल की फोटो लगी हुई थी। इससे पुलिस को शक हुआ कि युवक फर्जी पहचान या गलत प्रभाव दिखाकर पुलिस को डराने की कोशिश कर रहा है।
दो युवक हिरासत में, तीसरा फरार
पुलिस ने मौके पर ही कार में बैठे दो युवकों को हिरासत में ले लिया। दोनों युवकों से थाने में पूछताछ की जा रही है। हिरासत में लिए गए युवक हिंदपीढ़ी इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फोन पर बात करने वाले आरोपी को जल्द हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।
रांची पुलिस ने क्या कहा
इस पूरे मामले को लेकर रांची पुलिस ने बताया कि इस तरह का मामला सामने आया है और फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Also Read : हटिया स्टेशन पर शराब तस्करी की कोशिश नाकाम, आरपीएफ ने जब्त की अवैध व्हिस्की

