Patna : ग्रामीण कार्य विभाग ने बिहार में सड़कों और पुलों के निर्माण कार्य को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। विभाग अब अधूरी परियोजनाओं की लगातार समीक्षा कर रहा है, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके और लोगों को समय पर सुविधा मिल सके।
प्रमंडलवार समीक्षा बैठकों का दौर जारी
विभाग के चीफ इंजीनियर निर्मल कुमार के निर्देश पर पटना के विश्वेश्वरैया भवन में लगातार समीक्षा बैठकें हो रही हैं। इन बैठकों में विभिन्न प्रमंडलों की अधूरी योजनाओं की स्थिति की जांच की जा रही है। 20 अप्रैल को मुजफ्फरपुर, मोतिहारी और छपरा प्रमंडल की परियोजनाओं की समीक्षा की गई, जबकि 21 अप्रैल से सीवान, मुंगेर और भागलपुर प्रमंडल की योजनाओं पर चर्चा जारी है। आने वाले दिनों में गया, औरंगाबाद, बेतिया और बेगूसराय प्रमंडलों की भी समीक्षा की जाएगी।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, बाधाएं जल्द दूर करने पर जोर
विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। असिस्टेंट इंजीनियर्स को पटना में होने वाली बैठकों में जरूरी दस्तावेजों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा गया है।
साथ ही जूनियर इंजीनियर्स और टेक्निकल सुपरवाइजर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ने का निर्देश दिया गया है। विभाग का लक्ष्य है कि सभी परियोजनाएं समय पर पूरी हों और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे का विकास तेजी से हो सके।
Also Read : बिहार पंचायत चुनाव में बड़ा बदलाव: पहली बार EVM से वोटिंग, हर बूथ पर लगेंगी 6 मशीनें


