Ranchi: रांची के पण्डरा ओपी क्षेत्र में 21 अप्रैल की सुबह हुए भार्गव सिंह हत्याकांड को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों, विजय टेटे और सत्यम पाठक को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें एक आरोपी सत्यम पाठक पैर में गोली लगने से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के विवरण के अनुसार, 21 अप्रैल की सुबह 28 वर्षीय भार्गव सिंह पण्डरा स्थित मनोकामना मंदिर में पूजा कर जैसे ही बाहर निकले, अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी।
गंभीर रूप से घायल भार्गव सिंह ने अस्पताल में इलाज के दौरान पुलिस को घटना में शामिल अपराधियों के नाम बता दिए थे, जिसके बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। इस सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच में हत्या का मुख्य कारण ज़मीन विवाद सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी विजय टेटे ने भार्गव सिंह से ज़मीन देने के नाम पर मोटी रकम ले रखी थी, लेकिन वह न तो ज़मीन दे पा रहा था और न ही पैसे वापस कर रहा था। भार्गव सिंह द्वारा लगातार दबाव बनाए जाने से नाराज होकर आरोपियों ने उनकी हत्या की साजिश रची थी।
तकनीकी सहयोग और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले आरोपी विजय टेटे को गिरफ्तार किया। वहीं, दूसरा आरोपी सत्यम पाठक रांची से बक्सर भागने की फिराक में था, जिसे नेवरी विकास के पास से दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस टीम सत्यम पाठक की निशानदेही पर कांके डैम के पास हथियार बरामद करने गई, तो उसने पुलिस अधिकारियों से हथियार छीनकर भागने का प्रयास किया और पुलिस पर दो-तीन राउंड गोली चला दी। पुलिस ने अपना बचाव करते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें सत्यम के पैर में गोली लगी।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने दो हथियार, आठ गोलियां, एक खोखा, तीन मोबाइल, कुछ नगद राशि, मास्क और कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। गौरतलब है कि मुख्य आरोपी सत्यम पाठक का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह इससे पहले धुर्वा के पूर्व पार्षद वेद प्रकाश सिंह की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। इसके अलावा भी कोतवाली, डोरंडा और नामकुम थानों में उस पर हत्या, मारपीट और जानलेवा हमले के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Also Read : सुप्रीम कोर्ट की ममता सरकार को खरी-खरी: न्यायिक अधिकारियों के घेराव को बताया लोकतंत्र के लिए खतरा


