Patna : बिहार राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव 2026 की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार पहली बार राज्य में पंचायत चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से कराए जाएंगे। इसके लिए एस-3 मॉडल की मल्टी पोस्ट EVM खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत पंचायत चुनाव में एक साथ 6 पदों पर मतदान कराया जाएगा। इसके लिए हर बूथ पर 6 बैलेट यूनिट वाली मल्टी पोस्ट EVM लगाई जाएगी। मतदाता अलग-अलग पदों के लिए अलग यूनिट में वोट डालेंगे, जबकि पूरी प्रक्रिया एक ही कंट्रोल यूनिट से संचालित होगी। इसे पंचायत चुनाव में अब तक का सबसे बड़ा तकनीकी बदलाव माना जा रहा है।
अप्रैल तक जिलों में पहुंचेगी EVM, होगी कड़ी निगरानी
आयोग के अनुसार अप्रैल महीने तक सभी जिलों में EVM पहुंचा दी जाएगी। इसके बाद इन्हें सुरक्षित तरीके से स्टोर किया जाएगा और 24 घंटे CCTV निगरानी में रखा जाएगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त दीपक प्रसाद ने सभी जिलों के डीएम के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में समीक्षा की और मशीनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
FLC जांच और वोटर लिस्ट अपडेट पर जोर
आयोग ने निर्देश दिया है कि राजनीतिक दलों की मौजूदगी में EVM की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) समय पर पूरी की जाए। साथ ही 2011 की जनगणना के आधार पर वार्डवार जनसंख्या का सत्यापन कर वेबसाइट पर अपडेट करने को भी कहा गया है।
सूत्रों के अनुसार, पंचायत चुनाव नवंबर–दिसंबर 2026 में संभावित हैं। आयोग ने सभी जिलों के डीएम को जिला निर्वाचन पदाधिकारी बनाकर चुनाव तैयारियों की जिम्मेदारी सौंप दी है।
Also Read : बिहार में गैस संकट के बीच बड़ा फैसला: अब राशन दुकानों पर मिलेगा कोयला


