Jamshedpur : जमशेदपुर के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत पानीपड़ा-नागुड़साई इलाके में मिले 227 किलोग्राम वजनी विशाल बम को भारतीय सेना की विशेषज्ञ टीम ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया है। यह बम स्वर्णरेखा नदी के किनारे बरामद किया गया था, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। सेना की टीम ने ऑपरेशन से पहले लगातार दो दिनों तक बम का गहन तकनीकी निरीक्षण किया। इस दौरान उसकी बनावट, विस्फोटक क्षमता और संभावित खतरे का विस्तार से आकलन किया गया, ताकि किसी भी जोखिम से बचा जा सके।
इलाके को छावनी में बदला गया
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे क्षेत्र को सेना और पुलिस ने घेराबंदी कर छावनी में तब्दील कर दिया था। आम लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखी गई।
सुरक्षित तरीके से किया गया डिफ्यूज
बुधवार को सेना ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ऑपरेशन को अंजाम दिया। विशेषज्ञ टीम की देखरेख में बम को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बम निष्क्रिय होने के बाद स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इतने बड़े विस्फोटक की मौजूदगी से इलाके में लंबे समय से डर का माहौल बना हुआ था, जो अब खत्म हो गया है।
सेना की त्वरित कार्रवाई से टला खतरा
सेना की त्वरित और सटीक कार्रवाई की वजह से एक संभावित बड़े खतरे को समय रहते टाल दिया गया। प्रशासन ने भी पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेना का सहयोग किया।
Also Read : झारखंड में कर्मचारियों के लिए बड़ा फैसला, स्वास्थ्य बीमा योजना को मिलेगी हरी झंडी


