Giridih (Naresh Goswami) : गिरिडीह के पंचम्बा थाना क्षेत्र के जगमनरायडीह निवासी मो. जैनुल मियां ने गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने पंचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार पर लगातार घर आकर परेशान करने और अभद्र व्यवहार करने का इल्जाम लगाया है। शिकायत में जैनुल मियां ने कहा है कि बीते 20 जून से थाना प्रभारी सुबह और शाम उनके घर पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे उनके छह बेटों को थाना लाने के लिए दबाव बना रहे हैं। उनका आरोप है कि थाना प्रभारी गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते है। साथ ही धमकी देते हैं कि यदि बेटों को थाना नहीं लाया गया तो वे लगातार घर आते रहेंगे।
जैनुल मियां ने बताया कि मोहर्रम पर्व के दौरान पुलिस के बार-बार घर आने से पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान है। उन्होंने कहा कि 21 जून की शाम करीब सात बजे वे खुद पंचम्बा थाना पहुंचे और थाना प्रभारी से पूछा कि आखिर उनके बेटों के खिलाफ कोई शिकायत या मामला है तो उसकी जानकारी दी जाए। लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। आरोप है कि थाना प्रभारी ने उन्हें डांटकर भगा दिया और कहा कि पहले सभी बेटों को थाना लाओ, उसके बाद मामले की जानकारी दी जाएगी।
जैनुल मियां ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और परिवार को कथित प्रताड़ना से राहत दिलाने की मांग की है। वहीं इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Also Read : पति खोने का दर्द, परिवार संभालने की जंग; झारखंड की विधवाओं की अनकही कहानी

