Ranchi : राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में रसोई गैस की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है। इंडेन गैस उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिले की 44 गैस एजेंसियों में व्यवस्था धीमी होने के कारण करीब 57 हजार बुकिंग बैकलॉग में चली गई हैं।
स्थिति यह है कि उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर रिफिल के लिए 20 से 30 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में गैस की यह कमी लोगों की रसोई और दैनिक जीवन दोनों को प्रभावित कर रही है। कई परिवारों को अस्थायी वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लेना पड़ रहा है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, 10 से 20 दिन के बैकलॉग में ही 12 हजार से अधिक उपभोक्ता फंसे हुए हैं। वहीं 220 से 230 उपभोक्ताओं की बुकिंग 30 दिन से अधिक समय से लंबित है।
सबसे ज्यादा लंबित बुकिंग वाली एजेंसियों में आनंद गैस सर्विस, झलक इंडेन, इंद्रप्रस्थ गैस एजेंसी, जयंत गैस कंपनी, अदिति इंडेन, अल्फा इंडेन और उरांव गैस शामिल हैं। आनंद गैस सर्विस में लगभग 4895, झलक इंडेन में 3578 और इंद्रप्रस्थ गैस एजेंसी में 3724 बुकिंग लंबित हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि समय पर बुकिंग करने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल रहा है और एजेंसियों से भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर आपूर्ति व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की है।
Also Read : रांची में अक्षय तृतीया पर ज्वेलरी बाजार गुलजार, एडवांस बुकिंग और ऑफर्स की धूम

