Dhanbad : जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित कौआबांध के वास्तु विहार सोसाइटी में एक फ्लैट से 40 वर्षीय महिला का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान लिपिका कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला की मौत करीब पांच दिन पहले हो चुकी थी, लेकिन परिजन उसी फ्लैट में शव के साथ रह रहे थे।
कई दिनों तक घर में ही पड़ा रहा शव
पुलिस के अनुसार, लिपिका कुमारी वर्ष 2022 से अपने परिजनों के साथ इस फ्लैट में रह रही थीं। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि उनकी मौत 8 अप्रैल को ही हो गई थी। बीमारी से मौत की बात कही जा रही है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि परिजनों ने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही अंतिम संस्कार की कोई तैयारी की। शव कई दिनों तक घर में ही पड़ा रहा और घर के लोग सामान्य तरीके से आते-जाते रहे।
बदबू से हुआ खुलासा
फ्लैट से कई दिनों से हल्की बदबू आ रही थी, जिसे आसपास के लोगों ने नजरअंदाज कर दिया। रविवार शाम तक बदबू इतनी तेज हो गई कि लोगों को शक हुआ। देर रात स्थिति असहनीय होने पर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया।
दरवाजा खुलते ही चौंक गई पुलिस
सूचना पर पहुंची गोविंदपुर थाना पुलिस ने जब फ्लैट का दरवाजा खुलवाया, तो अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए। महिला का शव पूरी तरह सड़ चुका था। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजन सवालों के घेरे में, जांच जारी
घटना के बाद परिजनों की भूमिका को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
Also Read : रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर, मुरी-चांडिल लाइन हो सकता है अपग्रेड


