Bokaro : बोकारो ट्रेजरी से वेतन मद में करीब 3 करोड़ 15 लाख रुपये की संदिग्ध निकासी का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर ट्रेजरी ऑफिसर (टीओ) गुलाब चंद उरांव ने इस मामले में बीएससिटी थाना में देर रात प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
जांच में सामने आई गंभीर अनियमितता
ट्रेजरी ऑफिसर द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, मामले की जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान कोषागार अभिलेखों और बैंक खातों से प्राप्त विवरणियों का परीक्षण किया गया। प्रथम दृष्टया जांच में यह बात सामने आई कि पुलिस उप निरीक्षक उपेन्द्र सिंह के नाम से वित्तीय वर्ष 2024-25 में मई 2024 से मार्च 2026 तक वेतन मद से निकाली गई राशि को अन्य खातों में स्थानांतरित कर दिया गया। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि निकासी और ट्रांसफर की प्रक्रिया सामान्य सरकारी नियमों के अनुसार नहीं थी।
पत्नी के खाते में ट्रांसफर हुई राशि
जांच में एक और अहम खुलासा हुआ है। टीओ के अनुसार, वेतन मद से निकाली गई रकम का स्थानांतरण पुलिस विभाग के अकाउंटेंट कौशल कुमार पाण्डेय द्वारा कराया गया और यह राशि उसकी पत्नी के बैंक खाते में ट्रांसफर कराई गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अकाउंटेंट कौशल कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया है।
उपायुक्त के निर्देश पर शुरू हुई जांच
मामला सामने आते ही उपायुक्त अजय नाथ झा ने इसे गंभीर मानते हुए अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी को विस्तृत जांच का आदेश दिया था। उन्हें निर्देश दिया गया था कि सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच कर सही स्थिति स्पष्ट करें और 24 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रशासन को सौंपें।
खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू
अपर समाहर्ता की प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद उपायुक्त ने तुरंत सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। जांच में पाया गया कि उपेन्द्र सिंह के नाम पर वेतन मद से की गई निकासी सामान्य प्रक्रिया के अनुरूप नहीं है और इसमें गंभीर वित्तीय अनियमितता की आशंका है। इसके बाद उपायुक्त ने संबंधित व्यक्ति और उससे जुड़े बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। साथ ही विभागीय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को कहा गया है।
एसपी को भी कार्रवाई के निर्देश
प्रशासन की ओर से बताया गया कि इस मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक बोकारो को भी आवश्यक कानूनी कदम उठाने का निर्देश दिया है।
अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हो सकता। जांच के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। जिला प्रशासन ने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उपायुक्त स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।
Also Read : डीसी के सख्त निर्देश के बाद गैस होम डिलीवरी पर बढ़ा जोर, 8 एजेंसियों के 43 रूट जारी

