Ramgarh : रामगढ़ थाना क्षेत्र के हेसला गांव स्थित झारखंड इस्पात प्लांट (जेएसपी) में हुए दर्दनाक हादसे में एक और मजदूर की मौत हो गई है। इसके साथ ही इस घटना में जान गंवाने वाले मजदूरों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल मजदूर बृजलाल बेदिया ने रांची के देवकमल अस्पताल में बीती देर रात दम तोड़ दिया। इससे पहले अशोक बेदिया और अखिल राय की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। वहीं, अभी भी चार मजदूर अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
फर्नेस फटने से हुआ था हादसा
बताया जा रहा है कि प्लांट में काम के दौरान अचानक फर्नेस फट गया, जिससे वहां मौजूद मजदूर झुलस गए। हादसा इतना भीषण था कि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
मुआवजे पर बनी सहमति, खत्म हुआ आंदोलन
हादसे के बाद मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर ग्रामीणों और मजदूरों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। सोमवार देर रात जिला प्रशासन, ग्रामीणों और प्लांट प्रबंधन के बीच वार्ता हुई, जिसमें 6 बिंदुओं पर सहमति बनी। इसके बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया।
मृतकों के परिजनों को 21 लाख मुआवजा
बैठक में यह तय हुआ कि हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के आश्रितों को 21 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि:
- सभी घायलों का निःशुल्क और बेहतर इलाज कराया जाएगा
- इलाज के दौरान मजदूरों को नियमित वेतन मिलता रहेगा
- सभी मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी का लाभ मिलेगा
- मजदूरों के लिए ईएसआईसी की सुविधा लागू की जाएगी
- तीन महीने के भीतर प्लांट में प्रदूषण पर नियंत्रण किया जाएगा
इलाके में शोक और आक्रोश
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, ग्रामीणों में प्लांट प्रबंधन की लापरवाही को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच की बात कही है। साथ ही यह भरोसा दिलाया गया है कि भविष्य में इस तरह की घटना न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
Also Read : बोकारो ट्रेजरी से 3.15 करोड़ की संदिग्ध निकासी, अकाउंटेंट गिरफ्तार, मामला दर्ज


