Ranchi : राजधानी रांची के रातू इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड पुलिस की महिला कांस्टेबल रंजीता एक्का की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब वह रोज की तरह अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकली थीं। एक पल में सब कुछ बदल गया और एक परिवार पर फिर से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सिमडेगा जिला बल के म0 आ0/783 रंजीता एक्का हाई कोर्ट रांची ड्यूटी जाने के क्रम में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई।
हाजी चौक पर हुआ हादसा
घटना रातू थाना क्षेत्र के हाजी चौक की है। बताया जा रहा है कि स्कूटी से जा रही रंजीता एक्का अचानक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि उन्हें सिर में गंभीर चोट लगी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में भीड़ जुट गई और पुलिस को तुरंत सूचना दी गई।
हाईकोर्ट ड्यूटी के लिए जा रही थीं
जानकारी के अनुसार रंजीता एक्का सिमडेगा जिला पुलिस बल में तैनात थीं, लेकिन फिलहाल प्रतिनियुक्ति पर झारखंड हाईकोर्ट में ड्यूटी कर रही थीं। वह उसी ड्यूटी के लिए जा रही थीं, जब यह हादसा हो गया।
पुलिस जुटी जांच में
रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। सबसे दुखद बात यह है कि रंजीता एक्का के पति की भी मौत पहले एक सड़क हादसे में ही हो चुकी थी। पति की मौत के बाद उन्हें अनुकंपा के आधार पर झारखंड पुलिस में नौकरी मिली थी। अब वही हादसा एक बार फिर इस परिवार की जिंदगी उजाड़ गया।
इलाके में शोक और सवाल
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। लोग इस बात को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर सड़क सुरक्षा को लेकर कब तक लापरवाही जारी रहेगी।
Also Read : रांची नगर निगम ने बनाया शानदार रिकॉर्ड, टैक्स कलेक्शन 100 करोड़ पार

