Jamshedpur : टाटा स्टील में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंत के साथ ही अधिकारियों के मूल्यांकन यानी टैलेंट रिव्यू (TR) की प्रक्रिया जोर-शोर से शुरू हो गई है। जमशेदपुर वर्क्स, कलिंगनगर, मेरामंडली और माइंस डिवीजन के करीब 10 हजार अधिकारी इस रिव्यू के दायरे में हैं। इस समीक्षा के आधार पर मार्च के अंत तक परफॉर्मेंस रिवार्ड (बोनस) और एक अप्रैल से प्रभावी होने वाले प्रमोशन का ऐलान किया जाएगा। कर्मचारियों में उत्सुकता के साथ-साथ थोड़ी बेचैनी भी देखने को मिल रही है।
टैलेंट रिव्यू की प्रक्रिया
अधिकारियों ने अपने रिर्पोटिंग हेड को ईमेल के जरिए पिछले साल के लक्ष्यों और उपलब्धियों का पूरा ब्यौरा सौंप दिया है। अब पदानुक्रम (Hierarchy) के अनुसार उनकी समीक्षा की जाएगी। असिस्टेंट मैनेजर से सीनियर मैनेजर तक के अधिकारियों का मूल्यांकन हेड और चीफ स्तर के अधिकारी करेंगे, हेड और चीफ अधिकारियों की समीक्षा वाइस प्रेसिडेंट (VP) करेंगे और वरीय अधिकारियों की जांच VP और MD स्वयं करेंगे।
अंक-1 से लेकर अंक-4 तक: प्रदर्शन का गणित
टाटा स्टील में अधिकारियों के प्रदर्शन को चार पैमानों पर मापा जाता है। अंक 4 उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए, अंक 3 बेहतर काम के लिए, अंक 2 सामान्य प्रदर्शन के लिए और अंक 1 असंतोषजनक प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। जिन अधिकारियों को अंक-1 मिलता है, उन्हें सुधार के लिए छह महीने का समय दिया जाता है। अगर इस दौरान प्रदर्शन में सुधार नहीं होता है, तो कंपनी उन्हें बाहर का रास्ता दिखा सकती है।
कर्मचारियों में उत्सुकता और बेचैनी
अधिकारी इस समय अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। बोनस, प्रमोशन और करियर ग्रोथ की खबरें सीधे इस रिव्यू पर निर्भर हैं। अंक-1 की स्थिति में आने वाले अधिकारियों के लिए यह छह महीने का अल्टीमेटम बड़ा तनाव लेकर आया है, वहीं बाकी कर्मचारी प्रदर्शन सुधारकर बेहतर अवसर पा सकते हैं।
नगर निकाय चुनाव के लिए सवैतनिक अवकाश
टाटा स्टील प्रबंधन ने नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर कर्मचारियों के लिए मतदान अवकाश का ऐलान किया है। मतदान वाले क्षेत्रों के वोटरों को वोट डालने के लिए छुट्टी मिलेगी। मेंटेनेंस और जरूरी सेवाओं में तैनात कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे, बदले में साल के अंत तक अतिरिक्त छुट्टी दी जाएगी। A, D, E, F और G शिफ्ट के कर्मचारियों को 4 घंटे की विशेष छुट्टी मिलेगी, जबकि B और C शिफ्ट के कर्मचारियों को सामान्य ड्यूटी घंटों में वोटिंग करनी होगी। जमशेदपुर से बाहर के मतदाता वोटरID दिखाकर भी छुट्टी ले सकते हैं।
Also Read : SSB जवान ने खुद को मा’री गोली, कैंप में मचा हड़कंप

