Begusarai : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के आखिरी दिन बेगूसराय में विकास योजनाओं की झड़ी लग गई। औद्योगिक पहचान वाले इस जिले को मुख्यमंत्री ने करीब 330 करोड़ रुपये की 402 विकास योजनाओं की सौगात दी। गांधी मैदान से लेकर बियाडा कैंपस तक मुख्यमंत्री के स्वागत में लोगों का उत्साह देखने को मिला। इस दौरान उन्होंने कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही लंबे समय से चर्चा में रही कैंपा कोला फैक्ट्री की आधारशिला रखकर जिले में औद्योगिक विकास को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
हेलीपैड पर अचानक पहुंच गया बैल, मचा हड़कंप
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले सुरक्षा और तैयारियों की समीक्षा चल रही थी। इसी दौरान एक बैल अचानक हेलीपैड के अंदर पहुंच गया। बैल को देखते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मी उसे बाहर निकालने में जुट गए, लेकिन बैल ने उल्टा पुलिसकर्मियों को ही दौड़ा दिया। कुछ देर के लिए हेलीपैड के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बैल लगातार इधर-उधर भागता रहा, जिससे सुरक्षाकर्मियों को उसे काबू में करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे परिसर से बाहर निकाला गया।
जनसभा में विरोधियों पर भी बोले CM
बेगूसराय में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष, खासक रलालू प्रसाद यादव के परिवार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार में कानून व्यवस्था की हालत ठीक नहीं थी और लोगों में डर का माहौल रहता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार आने के बाद कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया और अब स्थिति काफी बदल चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले सांप्रदायिक तनाव की घटनाएं ज्यादा होती थीं, लेकिन सरकार ने कब्रिस्तानों और मंदिरों की घेराबंदी जैसे कदम उठाकर शांति बनाए रखने की कोशिश की।
बेगूसराय में विकास योजनाओं की झड़ी
फैक्ट्रियों का किया निरीक्षण, अब शेखपुरा का दौरा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बियाडा क्षेत्र में स्थापित कुछ फैक्ट्रियों का भी अवलोकन किया। अधिकारियों से औद्योगिक गतिविधियों की जानकारी ली और विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की।
Also Read : चतरा में तेज रफ्तार का कहर : नाइट गार्ड की मौत के बाद फूटा लोगों का गुस्सा, दो घंटे तक सड़क जाम


