Jamshedpur : जमशेदपुर जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज एक अपहरण मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अपहृत युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस मामले की शुरुआत काशाफलिया गांव निवासी सुरेश पात्र की शिकायत से हुई। उन्होंने बहरागोड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
तकनीकी सेल की मदद से मिली आरोपी की लोकेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम बनाई। जांच के दौरान तकनीकी सेल की मदद ली गई। मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी पश्चिम बंगाल के नयाग्राम थाना क्षेत्र के बारडीगा गांव में छिपा हुआ है।
पश्चिम बंगाल में छापेमारी, आरोपी गिरफ्तार
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम पश्चिम बंगाल पहुंची और वहां स्थानीय पुलिस की मदद से बारडीगा गांव में छापेमारी की। इस दौरान आरोपी सागर दंडपात को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से अपहृत युवती को भी सकुशल बरामद कर लिया।
ट्रांजिट रिमांड पर लाकर भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बहरागोड़ा लाई। शुक्रवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने सुनवाई के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस कर रही मामले की आगे जांच
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने युवती को किस तरह अपने साथ ले गया और इस पूरे मामले में कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों से भी पूछताछ की जाएगी।
Also Read : रांची मेन रोड गोलीकांड मामले में नवाब चिश्ती समेत 8 आरोपी बरी, कोर्ट ने सबूत के अभाव में किया आरोपमुक्त

