Ranchi : रांची के चर्चित मेन रोड गोलीकांड मामले में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। डेली मार्केट थाना कांड संख्या 16/22 में नामजद नवाब चिश्ती समेत आठ लोगों को रांची सिविल कोर्ट ने बरी कर दिया है। अदालत ने सभी आरोपियों को सबूत के अभाव में आरोपमुक्त करते हुए रिहा करने का आदेश दिया। यह फैसला रांची सिविल कोर्ट की न्यायिक पदाधिकारी मान्या टंडन की अदालत ने सुनाया।
अदालत में नहीं टिक पाए आरोप
इस मामले में नवाब चिश्ती के साथ शाहबाज, रमजान, अमजद खान, मो. माज, शकील, इरफान और मो. अमन मंसूरी समेत कुल आठ लोगों पर आरोप लगाए गए थे। सुनवाई के दौरान अदालत में पेश किए गए साक्ष्य आरोप साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं पाए गए। इसके बाद कोर्ट ने सभी आरोपियों को बरी कर दिया।
वकीलों की टीम ने की पैरवी
इस केस में बचाव पक्ष की ओर से एडवोकेट प्रियंका, लक्ष्य कुमार, संजय कुमार और अनन्या शांभवी ने पैरवी की। इस मामले में सीनियर एडवोकेट एसके उपाध्याय का भी मार्गदर्शन रहा। मामले में जानकारी देते हुए एस. अली ने कहा कि अदालत के फैसले से सभी आरोपियों और उनके परिवारों को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों को न्याय मिला है और उम्मीद है कि अन्य थानों में दर्ज मामलों का भी जल्द निपटारा होगा।
10 जून 2022 को हुई थी हिंसक घटना
मालूम हो कि 10 जून 2022 को रांची के मेन रोड इलाके में बड़ा बवाल हुआ था। उस दिन भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के बयान के विरोध में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विरोध जुलूस निकाला था। शुरुआत में जुलूस शांतिपूर्ण बताया जा रहा था, लेकिन मेन रोड पर स्थिति अचानक बिगड़ गई। जुलूस जब महावीर मंदिर के पास पहुंचा तो वहां भारी हंगामा और पथराव शुरू हो गया।
हालात काबू करने के लिए पुलिस ने की थी फायरिंग
स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी तो पुलिस को हालात काबू करने के लिए फायरिंग करनी पड़ी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हुए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। हालात को नियंत्रित करने के लिए शहर में अतिरिक्त पुलिस बल के साथ रैपिड एक्शन फोर्स की भी तैनाती की गई थी। इसी घटना को लेकर डेली मार्केट थाना में मामला दर्ज किया गया था, जिसकी सुनवाई के बाद अब कोर्ट ने आठ आरोपियों को बरी कर दिया है।
Also Read : गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, जमशेदपुर के 6 आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी


