Patna : बिहार से मजदूरों का दूसरे राज्यों में पलायन लंबे समय से एक बड़ी सामाजिक और राजनीतिक चुनौती बना हुआ है। अब राज्य सरकार इस समस्या को कम करने के लिए नई रणनीति बनाने की बात कर रही है। बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा है कि आने वाले पांच वर्षों में राज्य से मजदूरों का पलायन रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को अपने ही राज्य में पर्याप्त रोजगार के अवसर मिलें, ताकि उन्हें बाहर जाने की जरूरत न पड़े।
हर मजदूर की पहचान कर मिलेगा रोजगार
सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार एक-एक मजदूर की पहचान करेगी और उनकी जरूरत के हिसाब से स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि पलायन की समस्या का स्थायी समाधान तभी संभव है जब बिहार में ही रोजगार के बड़े अवसर पैदा किए जाएं। इसके लिए सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने और नई योजनाएं लाने पर काम कर रही है।
पटना में गन्ना प्रौद्योगिकी सेमिनार में दिया बयान
डिप्टी सीएम यह बातें ज्ञान भवन में आयोजित गन्ना प्रौद्योगिकी सेमिनार 2026 को संबोधित करते हुए कह रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन बिहार गन्ना उद्योग विभाग की ओर से किया गया था। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में कृषि आधारित उद्योगों को मजबूत बनाने पर खास जोर दिया जा रहा है, ताकि किसानों के साथ-साथ मजदूरों को भी रोजगार मिल सके।
चीनी उद्योग को मिलेगा नया प्रोत्साहन
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में चीनी उद्योग को फिर से मजबूत करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए सरकार इंसेंटिव आधारित नई नीति बनाने जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार इंसेंटिव नीति 2026 तैयार कर रही है। इसके तहत उद्योगों को आर्थिक प्रोत्साहन दिया जाएगा, ताकि वे बिहार में निवेश करें और नए रोजगार के अवसर पैदा हों। सरकार का मानना है कि उद्योगों के विस्तार से पलायन की समस्या भी धीरे-धीरे कम होगी।
पांच साल में 25 नई चीनी मिल खोलने का लक्ष्य
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार अगले पांच वर्षों में राज्य में 25 नई चीनी मिल खोलने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इससे किसानों को अपनी फसल का बेहतर दाम मिलेगा और हजारों लोगों को रोजगार भी मिलेगा। सरकार की योजना है कि कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाए और गांवों में ही रोजगार के अवसर पैदा किए जाएं।
निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री का किया स्वागत
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं और बधाई। सम्राट चौधरी ने उम्मीद जताई कि वह अपनी जिम्मेदारियों को अच्छी तरह निभाएंगे।
भारतीय क्रिकेट टीम को दी बधाई
डिप्टी सीएम ने भारतीय क्रिकेट टीम को भी टी20 विश्व कप जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है और टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है।
विजय सिन्हा बोले- पुरानी समस्याओं को खत्म करेंगे
इस कार्यक्रम में बिहार के दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी पर भरोसा जताया है। विजय सिन्हा ने कहा कि सिर्फ सरकार चलाना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे सुशासन के साथ चलाना सबसे जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने सामाजिक न्याय के नाम पर राज्य के उद्योग-धंधों को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने यह भी कहा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और सरकार राज्य की पुरानी समस्याओं को जड़ से खत्म करने के लिए काम कर रही है।
Also Read : DC ने की राजस्व संग्रहण की समीक्षा, सभी विभागों को लक्ष्य पूरा करने का दिया निर्देश


