Palamu : होली के दिन सिगरेट नहीं देने पर किराना दुकान में आग लगाने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को दबोचा है। मुख्य आरोपी करीब 18 साल के ओमप्रकाश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, एक नाबालिग को डिटेन किया गया है। मालूम हो कि होली की रात शराब के नशे में दो युवकों ने सिगरेट नहीं मिलने पर गुस्से में आकर एक दुकान में आग लगा दी। इस घटना में दुकान में रखा शादी का सामान समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। मामला सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव के निराला टोला का है।
सिगरेट नहीं देने पर भड़के युवक
जानकारी के अनुसार, रात सुआ गांव के निराला टोला में स्थित एक दुकान पर दो युवक शराब के नशे में पहुंचे। दोनों ने दुकानदार से सिगरेट मांगी, लेकिन किसी कारण से सिगरेट नहीं मिलने पर वे नाराज हो गए। गुस्से में आकर दोनों ने दुकान में आग लगा दी। आग लगते ही दुकान में रखा सामान तेजी से जलने लगा। आग लगने से दुकान में रखा कई तरह का सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार के मुताबिक, दुकान में शादी के लिए रखा सामान भी था, जो पूरी तरह नष्ट हो गया। इस घटना में लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान बताया जा रहा है।
पीड़ित के आवेदन पर मामला दर्ज
इस मामले में दुकानदार राजेश कुमार गुप्ता (22 वर्ष) के लिखित आवेदन के आधार पर सदर थाना में कांड संख्या 23/2026 दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने निराला टोला के रहने वाले मुख्य आरोपी ओमप्रकाश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। वहीं घटना में शामिल एक नाबालिग बालक को भी पुलिस ने निरुद्ध कर लिया है।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ओमप्रकाश कुमार सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि निरुद्ध नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है।
Also Read : जमशेदपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान, 50 साल पुरानी 15 दुकानें टूटी


