Jamshedpur : शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को टेल्को थाना क्षेत्र के मनीफीट इलाके में बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई टाटा स्टील और जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी (JNAC) की संयुक्त टीम ने जिला प्रशासन की मौजूदगी में की। इस दौरान करीब 15 दुकानों को तोड़कर अतिक्रमण मुक्त कराया गया। ये दुकानें करीब 50 साल पहले बनाई गई थीं।
न्यायालय के आदेश के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक इन दुकानों को लेकर मामला काफी समय से न्यायालय में चल रहा था। हाल ही में न्यायालय ने इस मामले में फैसला टाटा स्टील के पक्ष में सुनाया था। फैसले के बाद संबंधित दुकानदारों को प्रशासन की ओर से दुकान खाली करने के लिए नोटिस भी दिया गया था। लेकिन नोटिस मिलने के बावजूद दुकानदारों ने दुकान खाली नहीं किया। इसके बाद शुक्रवार को प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
दुकानदारों ने किया विरोध
कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी जताया। कई दुकानदार अधिकारियों से थोड़ी मोहलत देने की मांग करते नजर आए। हालांकि न्यायालय के आदेश के कारण प्रशासन और टाटा स्टील की टीम ने कार्रवाई जारी रखी और एक-एक कर सभी दुकानों को तोड़ दिया गया।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चला अभियान
अतिक्रमण हटाने के दौरान इलाके में किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी करते रहे।
शहर के सौंदर्यीकरण और ट्रैफिक सुधार के लिए कदम
बताया जा रहा है कि शहर के सौंदर्यीकरण और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से टाटा स्टील ने न्यायालय में आवेदन दिया था। न्यायालय के आदेश के बाद ही प्रशासन और कंपनी की संयुक्त टीम ने यह अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
Also Read : कालिया ढाबा के पास भयंकर हादसा, युवक का टूटा पैर


