Khunti : खूंटी नगर पंचायत के चुनाव में मतदाताओं ने एक बार फिर भाजपा समर्थित प्रत्याशी रानी टूटी पर भरोसा जताया है। उन्होंने अध्यक्ष पद की कुर्सी बरकरार रखते हुए कांग्रेस समर्थित मनोनीत बोदरा को 3879 वोटों से हरा दिया। झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित सोनम बागे तीसरे स्थान पर रहीं। अंतिम नतीजों के मुताबिक रानी टूटी को 9177 मत मिले। मनोनीत बोदरा को 5298 वोट हासिल हुए, जबकि सोनम बागे को 2476 मत प्राप्त हुए। शहर में इस जीत को मौजूदा कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों पर जनता की स्वीकृति के तौर पर देखा जा रहा है। मतगणना कदमा स्थित कृषि बाजार समिति के गोदाम में बनाए गए केंद्र पर शुक्रवार सुबह सात बजे से शुरू हुई। पूरे परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से गिनती पूरी कराई गई।
गौरतलब है कि अध्यक्ष पद के साथ 19 वार्ड पार्षदों के लिए भी वोटिंग हुई थी। अध्यक्ष पद के लिए तीन मुख्य उम्मीदवार मैदान में थे, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 77 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई। नतीजे सामने आते ही समर्थकों में जश्न का माहौल बन गया और विजेता को बधाइयां मिलने लगीं।
राजनीतिक तौर पर यह चुनाव इसलिए भी चर्चा में रहा क्योंकि केंद्र और राज्य स्तर पर साथ चल रहे कांग्रेस और झामुमो ने यहां अलग-अलग उम्मीदवारों को समर्थन दिया। दोनों दलों के बीच तालमेल नहीं बन पाया, जिसका सीधा फायदा भाजपा समर्थित प्रत्याशी को मिला। विश्लेषकों का कहना है कि अगर विपक्ष एकजुट होकर एक ही उम्मीदवार उतारता तो मुकाबला ज्यादा कड़ा हो सकता था। अलग-अलग लड़ने से वोटों का बंटवारा हुआ और इसका लाभ रानी टूटी को मिला।
Also Read : रांची नगर निकाय चुनाव : वार्ड 25 के नतीजे पर लगी रोक, हंगामा… देखें वीडियो

