Palamu : पलामू जिले में सांसद वीडी राम के प्रयास से रेल मंत्रालय से स्वीकृति मिलने के बाद धनबाद-भोपाल (त्रि-साप्ताहिक) एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 01631/01632) पहली बार डालटनगंज रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में खुशी का माहौल दिखा। सांसद के जिला प्रतिनिधि विजय ओझा और निजी सचिव अलख दुबे ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को उसके गंतव्य के लिए रवाना किया।
पलामू और गढ़वा को मिलेगा सीधा फायदा
इस ट्रेन के चलने से पलामू संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले पलामू और गढ़वा जिले के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। अब उन्हें धनबाद या भोपाल जाने के लिए बार-बार ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। लोगों का कहना है कि इससे व्यापार, इलाज, पढ़ाई और नौकरी के सिलसिले में आने-जाने वालों को काफी सुविधा होगी। खासकर भोपाल जैसे बड़े शहर से सीधी कनेक्टिविटी मिलना बड़ी बात मानी जा रही है।
जल्द मिलेगी अयोध्या और लखनऊ की सीधी ट्रेन
मौके पर मौजूद पदाधिकारियों ने बताया कि सांसद के प्रयास से बहुत जल्द पलामू वासियों को अयोध्या और लखनऊ तक की भी सीधी ट्रेन सेवा मिलने वाली है। बताया गया कि पुरुलिया आनंद विहार एक्सप्रेस का परिचालन भी जल्द शुरू होगा। इसका शुभारंभ खुद सांसद वीडी राम करेंगे। इससे क्षेत्र के लोगों को उत्तर प्रदेश की ओर सीधा रेल संपर्क मिल जाएगा।
कार्यक्रम में कई नेता और रेल अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर वरिष्ठ नेता ईश्वरी पांडेय, रेलवे एटीएम सुबोध पांडेय, रेलवे यातायात निरीक्षक अनिल तिवारी, स्टेशन मास्टर उमेश कुमार, अविनाश सिन्हा, मंडल अध्यक्ष श्रवण गुप्ता, आनंद सिंह, ब्रह्मदेव चौधरी, सुनील पांडेय, रोहित पाठक, सूर्यकांत पासवान, नवीन पांडेय, विकास कुमार समेत बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Also Read : झारखंड विधानसभा में गूंजा जमीन के अवैध हस्तांतरण का मुद्दा, मंत्री बोले- मंगाई जायेगी रिपोर्ट


