Ramgarh : रामगढ़ जिले में बीती रात बरकाकाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पतरातु मुख्य मार्ग पर मुंडा ढाबा के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे का सच
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रामगढ़ से भुरकुंडा की तरफ जा रही कार (JH 02 BS 5512) और भुरकुंडा से रामगढ़ की ओर आ रही बाइक अचानक आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। साथ में बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक और घायल की पहचान
पुलिस ने मृतक की पहचान तेलियातू बस्ती निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद मुजाहिद अंसारी, पिता मुमताज अंसारी के रूप में की। घायल युवक भी उसी बस्ती का रहने वाला है। उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
ग्रामीणों का आक्रोश और सड़क जाम
घटना की खबर मिलते ही तेलियातू बस्ती के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुँच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग करते हुए पतरातु मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम की वजह से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस और सुरक्षा बल पहुंचे, स्थिति काबू में
मौके पर बरकाकाना ओपी पुलिस के अलावा अन्य थानों के अधिकारी और सशस्त्र बल पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर ओपी परिसर में रखा और मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
Also Read : T20 WORLD CUP 2026 : भारत के लिए आज करो या मरो मुकाबला

