Giridih : गिरिडीह में एक दर्दनाक हादसा हो गया, घटना रविवार की है जब तेज रफ्तार बाइक ने दो मासूम बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा मोहलीचुंवा स्थित एसपी कोठी के पास हुआ, जिसमें पांच साल की आरोही कुमारी और चार साल के राजवीर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
बच्चे सामान लेने गए थे, बाइक ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चे पास की दुकान से सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही बुलेट बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बच्चे सड़क पर उछलकर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बच्चे एसपी आवास के समीप ऑफिसर कॉलोनी के रहने वाले हैं। उनके पिता का नाम चंदन डोम बताया गया है।
मौके पर मची अफरा-तफरी, बाइक चालक फरार
हादसे के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर घटनास्थल की ओर दौड़ लगाई। लोगों ने बाइक चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह तेज रफ्तार में फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि बाइक बहुत तेज चल रही थी और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। स्थानीय लोगों ने रिहायशी इलाके में तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की भी मांग की है।
घायल बच्चों का इलाज सदर अस्पताल में जारी
बच्चों को तुरंत गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक दोनों बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच, तलाश में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार बाइक चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में है। स्थानीय लोग हादसे के बाद सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Also Read : रांची से झंझारपुर के लिए 22 कोच वाली स्पेशल ट्रेन


