Ranchi : झारखंड में 23 फरवरी को होने वाले निकाय चुनाव को लेकर पूरे राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू है। ऐसे में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। खासकर नकद लेन-देन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। चुनाव के दौरान बड़ी रकम के इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए पुलिस ने जगह-जगह चेक पोस्ट बना दिए हैं और दिन-रात वाहन जांच अभियान चला रही है।
हर चौराहे पर जांच, रात में भी सख्ती
राज्य के अलग-अलग जिलों में पुलिस चौक-चौराहों पर गाड़ियों की सघन जांच कर रही है। रात के समय भी वाहनों को रोककर तलाशी ली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए यह कदम जरूरी है। अगर कोई व्यक्ति तय सीमा से ज्यादा नकद लेकर चलता है और उसका संतोषजनक जवाब नहीं दे पाता, तो रकम जब्त की जा रही है।
कटहल मोड़ पर 9 लाख नकद बरामद
इसी कड़ी में रांची के कटहल मोड़ के पास पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 9 लाख रुपये नकद मिले। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत राशि जब्त कर ली। पुलिस ने वाहन सवार लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। उनसे पैसे के स्रोत और मकसद के बारे में जानकारी ली जा रही है। फिलहाल पूरी राशि को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
चुनावी खर्च या कोई और वजह
यह पैसा चुनाव में खर्च करने के लिए रखा गया था या किसी अन्य काम के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस अधिकारी इस एंगल से भी जांच कर रहे हैं कि कहीं यह रकम किसी प्रत्याशी या समर्थक से जुड़ी तो नहीं है। अधिकारियों का साफ कहना है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर पैसा वैध है तो संबंधित व्यक्ति को दस्तावेज दिखाने होंगे।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि बिना जरूरी कारण बड़ी रकम नकद लेकर न चलें। अगर किसी कारण से नकद ले जाना जरूरी हो तो उससे जुड़े दस्तावेज साथ रखें, ताकि जांच के दौरान दिक्कत न हो।
Also Read : धनबाद पुलिस का एक्शन प्लान, 4000 जमानती संदिग्धों पर 24 घंटे सर्विलांस


