रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को लेकर झारखंड में बीते कई दिनों से चल रहे छात्रों के आंदोलन को देखते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्पेशल ब्रांच ने अलर्ट जारी किया है. स्पेशल ब्रांच ने रांची, जमशेदपुर और धनबाद के एसएसपी समेत अन्य जिलों और रेल एसपी को पत्राचार कर कई दिशा-निर्देश दिए हैं. छात्रों का यह आंदोलन अब सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर आ गया है. स्पेशल ब्रांच अब उनकी हर गतिविधि पर नजर रख रही है.
स्पेशल ब्रांच को मिली यह सूचना
स्पेशल ब्रांच को सूचना मिली है कि छात्रों का आंदोलन हर दिन नया मोड़ ले सकता है. इस दौरान 6 अगस्त को विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों के रांची पहुंचने और विधानसभा घेराव करने की संभावना है. इससे पहले छात्रों का कहना है कि यदि सरकार जल्द कोई ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो 2 और 3 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी.
अब तक छात्रों की ओर से उठाए गए ये कदम
JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. बीते 25 जुलाई से मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका के सामने चल रहा अनिश्चितकालीन सत्याग्रह अब बड़े आंदोलन का रूप लेता दिख रहा है. छात्रों ने साफ कर दिया है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करती है, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा.
झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग अभ्यर्थी न्याय मंच के बैनर तले छात्र नेता दीनबंधु महतो और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र महतो के नेतृत्व में करीब 50 से 60 अभ्यर्थी 25 जुलाई से बापू वाटिका के सामने अनिश्चितकालीन सत्याग्रह पर बैठे हैं.
Also Read : झारखंड: एक करोड़ इनामी नक्सली असीम और गांजा तस्करी नेटवर्क पर लगाम को 15 IPS तैयार

