Patna : बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर राज्य की राजनीति में जबरदस्त हलचल मच गई है। एक पुराने मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने बीती देर रात पटना से पप्पू यादव को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके चलते पहले उन्हें आईजीआईएमएस और फिर पीएमसीएच में भर्ती कराया गया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद विपक्ष खासकर कांग्रेस सरकार पर हमलावर हो गई है और इसे राजनीतिक साजिश बता रही है।
गिरफ्तारी के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती
मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तारी के तुरंत बाद पप्पू यादव की तबीयत खराब हो गई। हालत बिगड़ने पर पुलिस उन्हें इलाज के लिए IGIMS लेकर गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें PMCH रेफर कर दिया गया। फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। इस बीच समर्थकों और विपक्षी दलों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं कि क्या गिरफ्तारी का समय और तरीका सही था।
कांग्रेस का आरोप : साजिश के तहत हुई कार्रवाई
कांग्रेस ने इस गिरफ्तारी को लेकर बिहार की NDA सरकार पर सीधा हमला बोला है। पार्टी का कहना है कि पप्पू यादव ने हाल ही में एक संवेदनशील मामले में आवाज उठाई थी, जिससे सरकार असहज हो गई और उसी का नतीजा यह गिरफ्तारी है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार जांच और कार्रवाई के नाम पर सच्चाई को दबाने की कोशिश कर रही है।
राहुल गांधी के बाद प्रियंका गांधी भी मैदान में उतरीं
पहले राहुल गांधी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी थी और अब प्रियंका गांधी वाड्रा भी पप्पू यादव के समर्थन में खुलकर सामने आ गई हैं। प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बिहार सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
पटना के हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा के साथ रेप और हत्या का मामला झकझोर देने वाला है। यह केस सामने आने के बाद सरकार का रवैया उससे भी ज्यादा खौफनाक है। FIR दर्ज होने से लेकर जांच और कार्रवाई तक – सबकुछ संदिग्ध बना दिया गया है। यह सब किसे बचाने के लिए किया जा रहा है?…
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) February 7, 2026
“सरकार का रवैया खौफनाक” – प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने लिखा कि पटना के एक हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा के साथ रेप और हत्या का मामला बेहद झकझोर देने वाला है। लेकिन उससे भी ज्यादा डराने वाला सरकार का रवैया है। FIR से लेकर जांच और कार्रवाई तक सब कुछ संदिग्ध नजर आ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह सब किसे बचाने के लिए किया जा रहा है?
“जहां अत्याचार, वहां भाजपा आरोपियों के साथ”
प्रियंका गांधी ने आगे लिखा कि हाथरस, उन्नाव, अंकिता भंडारी और अब पटना – हर जगह एक ही पैटर्न दिखता है। जहां महिलाओं के साथ अत्याचार होता है, वहां भाजपा की सरकारें पीड़िता को न्याय दिलाने की बजाय आरोपियों के साथ खड़ी नजर आती हैं। उनका कहना है कि इस मामले में आवाज उठा रहे सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी इसी असंवेदनशील और तानाशाही रवैये का हिस्सा है।
बीजेपी पर गंभीर आरोप
प्रियंका गांधी ने अपने बयान में साफ कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों का एजेंडा बिल्कुल साफ है- वे अन्याय और अत्याचार के साथ खड़े हैं, न कि पीड़ितों के साथ।
Also Read : डिमना लेक के पास बनेगा एलीफेंट केयर सेंटर, हाथियों के लिए होगा बड़ा सहारा


