Munger : मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के विंदवारा इलाके में मंगलवार सुबह एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त 30 साल के धर्मेंद्र कुमार के तौर पर हुई है। वह ई-रिक्शा चालक था और सोमवार शाम घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा था।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह स्थानीय लोगों ने एचपी गैस गोदाम के पास बगीचे में युवक को गंभीर अवस्था में पड़ा देखा। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, क्योंकि युवक के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। परिजनों का कहना है कि धर्मेंद्र सोमवार शाम करीब पांच बजे घर पर भोजन करने के बाद ई-रिक्शा लेकर दोस्तों के साथ निकला था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा, जिससे परिजन चिंतित थे।
कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबिकांत कच्छप ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। उन्होंने कहा कि हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की है। मृतक का ई-रिक्शा भी बरामद किया गया है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं। स्वजन भी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की गुहार लगा रहे हैं।
Also Read : पहली बार मीडिया के सामने आये कैरव गांधी, हांथ जोड़कर दिया धन्यवाद

