उत्कल विश्वविद्यालय के एक व्यापक अध्ययन में ओडिशा के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTGs) की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चिंताजनक तस्वीर सामने आई है. अध्ययन के अनुसार, इन समुदायों में हर सात में लगभग एक वयस्क उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) से पीड़ित है, जबकि आधी से अधिक महिलाएं एनीमिया (खून की कमी) से प्रभावित हैं.
यह निष्कर्ष उत्कल विश्वविद्यालय के “Socio-Cultural, Demographic, Nutrition and Health Status of the Particularly Vulnerable Tribal Groups (PVTGs) of Odisha” शीर्षक अध्ययन में सामने आए हैं. यह सर्वेक्षण राज्य के 10 PVTG समुदायों में किया गया.
सात में एक को हाइपरटेंशन, कुछ PVTG समुदायों में स्थिति गंभीर
अध्ययन के अनुसार, 15.15 फीसद पुरुष और 14.38 फीसद महिलाएं उच्च रक्तचाप से पीड़ित हैं. शोधकर्ताओं का कहना है कि अधिकांश लोगों का रक्तचाप सामान्य है, लेकिन कुछ समुदायों में हाइपरटेंशन के बढ़ते मामलों को एक उभरती हुई सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती के रूप में देखा जाना चाहिए. रिपोर्ट के मुताबिक, खान-पान में बदलाव, शारीरिक गतिविधियों में कमी, मानसिक तनाव, मुख्यधारा की जीवनशैली का बढ़ता प्रभाव और आनुवंशिक कारण इसके प्रमुख कारक हो सकते हैं.
पुरुषों में हिल खड़िया समुदाय में उच्च रक्तचाप की दर सबसे अधिक 27.55 फीसद दर्ज की गई. इसके बाद लांजिया सौरा (22.56 फीसद), लोधा (21.93 फीसद) और पौड़ी भुइयां (21.09 फीसद) का स्थान रहा. महिलाओं में लोधा समुदाय (24.81 फीसद) सबसे अधिक प्रभावित पाया गया. इसके बाद पौड़ी भुइयां (22.63 फीसद), मनकिड़िया (22.03 फीसद) और हिल खड़िया (21.77 फीसद) रहे. वहीं जुआंग, कुटिया कंधा और बोंडा समुदायों में उच्च रक्तचाप की दर अपेक्षाकृत कम रही.
महिलाओं की स्थिति चिंताजनक
अध्ययन में एनीमिया की स्थिति भी गंभीर पाई गई. सर्वेक्षण में शामिल 1,261 महिलाओं में 53.37 फीसद एनीमिया से पीड़ित थीं. मनकिड़िया समुदाय की 72.88 फीसद महिलाएं एनीमिया से प्रभावित मिलीं, जबकि लांजिया सौरा (71.14 फीसद) और बोंडा (67.40 फीसद) समुदायों में भी इसकी दर काफी अधिक रही. हिल खड़िया और दिदायी समुदाय की आधे से अधिक महिलाएं भी एनीमिया की शिकार पाई गईं.
वहीं 1,015 पुरुषों में से 36.95 फीसद एनीमिया से ग्रस्त पाए गए. पुरुषों में सबसे अधिक एनीमिया मनकिड़िया (59.18 फीसद), बोंडा (56.30 फीसद), लोधा (47.32 फीसद) और लांजिया सौरा (39.26 फीसद) समुदायों में दर्ज किया गया.

