Johar Live Desk : चीन के ऊपर उड़ान भर रहे एक रूसी यात्री विमान में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान में तकनीकी गड़बड़ी की आशंका सामने आई। अजूर एयर का बोइंग 757 विमान 238 यात्रियों को लेकर उड़ान में था। स्थिति गंभीर होते देख पायलट ने आपातकालीन संदेश यानी डिस्ट्रेस सिग्नल भेजा, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां और एयर ट्रैफिक कंट्रोल अलर्ट हो गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह विमान फ्लाइट नंबर ZF-2998 के तहत थाईलैंड से रवाना हुआ था। उड़ान के करीब चार घंटे बाद विमान में तकनीकी समस्या या संभावित खतरे के संकेत मिले। इसके बाद पायलट ने आगे उड़ान जारी रखने के बजाय इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया।
लान्झू एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट
रूसी और चीनी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक विमान को चीन के लान्झू एयरपोर्ट पर उतारने की तैयारी की जा रही है। एयरलाइन की ओर से बताया गया है कि यह लैंडिंग अनिर्धारित होगी। खतरे की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने सभी आपात सेवाओं को अलर्ट कर दिया है। रनवे के पास फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीमें और तकनीकी स्टाफ को तैनात किया गया है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। एयरलाइन ने कहा है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यात्रियों में दहशत
विमान में सवार यात्रियों के लिए यह स्थिति बेहद तनावपूर्ण रही। ऊंचाई पर उड़ते विमान से जब आपात संकेत जाता है, तो यात्रियों की चिंता बढ़ जाती है। हालांकि अब तक किसी यात्री के घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली है।
सुरक्षित लैंडिंग पर टिकी निगाहें
फिलहाल सभी की नजरें विमान की सुरक्षित लैंडिंग पर टिकी हुई हैं। विमानन विशेषज्ञों का कहना है कि डिस्ट्रेस सिग्नल एहतियात के तौर पर भेजा जाता है, ताकि जमीन पर सभी जरूरी इंतजाम पहले से किए जा सकें।
Also Read : पंडरा फायरिंग कांड : इलाज के बाद आरोपी रवि यादव अस्पताल से गिरफ्तार

