Ranchi : रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने मंगलवार को सर्वधर्म सद्भावना समिति द्वारा आयोजित सदभावना सम्मान समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम में आगामी पर्व-त्योहारों की शांतिपूर्ण तैयारी, समाज में भाईचारा बनाए रखने और सकारात्मक संदेश फैलाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में सदर एसडीएम कुमार रजत, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राजेश्वर नाथ, रांची नगर निगम के उपप्रशासक गौतम कुमार, समिति के प्रमुख सदस्य डॉ. अजीत सहाय, जय सिंह यादव, मो. इस्लाम, बार एसोसिएशन के सचिव मुमताज़ खान, परमजीत सिंह टिंकू, तपेश्वर केसरी, अकीलुल रहमान और अन्य समाजिक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने समिति के सहयोग की सराहना करते हुए कहा, “सर्वधर्म सदभावना समिति के सदस्यों का जिला प्रशासन के साथ निरंतर सहयोग सराहनीय है। इसी सहयोग की वजह से रांची जिले में सभी पर्व-त्योहार शांति और भाईचारे के साथ मनाए जा रहे हैं। मैं सभी से अपील करता हूं कि आगामी पर्वों में भी अपनी सक्रिय सहभागिता बनाए रखें।” उन्होंने सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की भी अपील की और कहा, “सोशल मीडिया पर अफवाह और भड़काऊ संदेश समाज में अराजकता फैला सकते हैं। कृपया केवल सत्यापित और सकारात्मक संदेश ही साझा करें, ताकि समाज में शांति और सद्भाव बना रहे।”
एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि रांची पुलिस को समिति और समाज के प्रबुद्धजनों का हमेशा सहयोग प्राप्त होता रहा है। यही सहयोग पर्वों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहायक होता है। उन्होंने सभी से अपेक्षा जताई कि यह सहयोग आगे भी जारी रहेगा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण बनाने और प्रशासन के साथ मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
Also Read : रांची में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रेलर से टकराई हाइवा, चालक की मौ’त


