Jamtara : जिले में सरस्वती पूजा और विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारी तेज कर दी है। पुलिस लाइन परिसर में एसपी राजकुमार मेहता के नेतृत्व में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें असामाजिक तत्वों और आपत्तिजनक भीड़ से निपटने के तरीके का अभ्यास किया गया।
एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में संवेदनशील स्थानों की पहचान कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करेंगे। पूजा और विसर्जन के दौरान विशेष क्यूआरटी टीम और अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य जिले वासियों को यह संदेश देना है कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। ऐसे लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और उनका नाम गुंडा पंजी में दर्ज किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
एसपी ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि लोग सतर्क रहें और किसी भी गैर-सामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या वरिष्ठ अधिकारियों को दें। यह मॉक ड्रिल यह सुनिश्चित करने के लिए की गई कि पुलिस जवानों को भीड़ और असामाजिक तत्वों से निपटने की पूरी तैयारी हो।
Also Read : रांची में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रेलर से टकराई हाइवा, चालक की मौ’त

