Ranchi : झारखंड की सियासत में राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने साफ कहा है कि पार्टी राज्यसभा की एक सीट पर अपनी दावेदारी पेश करेगी और इसके लिए गठबंधन सहयोगियों से बातचीत भी की जाएगी।के. राजू ने कहा कि जल्द ही झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेताओं से इस मुद्दे पर बातचीत की जाएगी। फिलहाल राज्य में खाली हो रही दोनों सीटों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की दावेदारी मानी जा रही है, ऐसे में कांग्रेस का यह बयान गठबंधन की राजनीति में नया मोड़ ला सकता है। राजू का यह बयान प्रदेश मुख्यालय में जिला अध्यक्षों के साथ हुई बैठक के बाद सामने आया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया और कई अहम बदलावों की जानकारी दी।
संगठन में बड़े बदलाव का ऐलान
कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि अब पार्टी में काम करने का तरीका बदलेगा
- हर उपाध्यक्ष को एक विधानसभा की जिम्मेदारी दी जाएगी
- महासचिव स्तर के नेताओं को जिले की बजाय प्रखंड स्तर पर काम करना होगा
- संगठन में “ड्राइंग रूम पॉलिटिक्स” नहीं चलेगी
जमीनी स्तर पर मजबूत होगी कांग्रेस
के. राजू ने कहा कि पिछले कई सालों में एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक वर्गों से नेतृत्व विकसित करने में कमी रही है। अब पार्टी इन वर्गों से नए नेतृत्व को आगे लाने पर फोकस कर रही है। उन्होंने साफ कहा कि अब नेताओं को सिर्फ बैठकर राजनीति नहीं करनी होगी, बल्कि हर कार्यकर्ता को जमीनी स्तर पर जाकर काम करना होगा। राज्यसभा सीट को लेकर कांग्रेस, JMM और RJD के बीच बातचीत का नतीजा क्या होगा, यह देखना दिलचस्प होगा। झारखंड की राजनीति में यह मुद्दा आने वाले दिनों में गठबंधन की एकजुटता की बड़ी परीक्षा बन सकता है।
Also Read : 150 एसआई को प्रमोशन ट्रेनिंग का तोहफा, 4 मई से हजारीबाग में होगी शुरुआत


