Dhanbad : धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका छोटा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा जीटी रोड स्थित काशीटांड़ के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। मिली जानकारी के अनुसार बगदाहा, राजगंज निवासी राजकुमार महतो अपनी पत्नी सरस्वती देवी और बच्चे के साथ बाइक संख्या जेएच 10 सीआर 3134 पर सवार होकर गोविंदपुर से बरवाअड्डा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान काशीटांड़ के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बरवाअड्डा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने राजकुमार महतो और उनकी पत्नी सरस्वती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके बच्चे का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक राजकुमार महतो पेशे से राजमिस्त्री थे और परिवार के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। अचानक हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और फरार अज्ञात वाहन की पहचान में जुट गई है। बरवाअड्डा थाना पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि वाहन और चालक का पता लगाया जा सके। मामले की जांच जारी है।
Also Read : झारखंड के 150 SI बनेंगे इंस्पेक्टर, 4 मई से हजारीबाग में होगी ट्रेनिंग


