Ranchi : झारखंड में रविवार को मौसम ने राहत का रुख दिखाया। बीते कुछ दिनों से जारी शीतलहर और कड़ाके की ठंड का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ा है। इससे लोगों को सुबह और शाम की ठिठुरन से कुछ राहत मिली है। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान बढ़कर करीब 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है।
पिछले 24 घंटे का तापमान
पिछले 24 घंटे में राज्य के अलग-अलग जिलों में तापमान में बदलाव देखा गया। रांची में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री, जमशेदपुर में 9.6 डिग्री, बोकारो में 7.6 डिग्री, लातेहार में 12.4 डिग्री और गुमला में सबसे कम 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, यह बढ़ोतरी ठंड के असर में कमी का संकेत है।
लातेहार में एक महीने बाद राहत
लातेहार जिले में मौसम में आए बदलाव से लोगों को खास राहत मिली है। बीते लगभग एक महीने से यहां न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री के बीच बना हुआ था। अब तापमान 12 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन में धूप निकलने से रोजमर्रा के कामकाज में आसानी हो रही है।
आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज यानी सोमवार को पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह हल्का कोहरा छा सकता है, लेकिन बाद में धूप निकलने से आसमान साफ रहेगा। दिन में हल्की ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। फिलहाल किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हालांकि ठंड का असर पहले की तुलना में कम रहेगा, लेकिन सुबह और रात के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Also Read : ठंड का असर, रांची में बदला स्कूलों के समय


